लखनऊ . खुन खुन जी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, लखनऊ ( Khun Khun ji Girls PG College, Lucknow ) के इको क्लब द्वारा 16 सितम्बर को पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता के उद्देश्य से “ओज़ोन परत संरक्षण” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को ओज़ोन परत के महत्व, इसके क्षरण के कारणों तथा पर्यावरण एवं मानव जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला में बताया गया कि ओज़ोन परत पृथ्वी के वायुमंडल में एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करती है तथा सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी (UV) किरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करती है। छात्राओं को ओज़ोन परत के क्षरण के प्रमुख कारणों, विशेष रूप से हानिकारक रासायनिक पदार्थों के अत्यधिक उपयोग तथा पर्यावरण प्रदूषण के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर छात्राओं को पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने, ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, प्रदूषण को कम करने तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यशाला में “ओज़ोन परत बचाएँ, जीवन बचाएँ” का संदेश विशेष रूप से दिया गया।
प्राचार्या प्रो. अंशु केडिया ने कहा कि हमें पूर्वजों ने जो प्राकृतिक संसाधन दिए है उन्हें आने वाली पीढ़ी के लिए संभाल कर रखना चाहिए।कार्यशाला इंचार्ज डॉ. स्नेह लता शिवहरे ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन प्राचार्य एवं संरक्षक प्रो. अंशु केडिया के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न हुआ एवं NSS एवं NCC कार्यक्रम संयोजन में सहयोग दिया । कार्यक्रम में प्रो. पूनम रानी भटनागर (मनोविज्ञान विभाग), ज्योत्स्ना पांडे (समाजशास्त्र), डॉ. मनीषा त्रिपाठी (अंग्रेजी विभाग) ने ओजोन परत को बचाये रखने के लिए छात्राओं को जागरूक किया और एक पेड़ लगा कर उसकी देखभाल करने के लिए कहा। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने ओज़ोन परत एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें
