बिलासपुर| टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ, छत्तीसगढ़ की संगठन इकाई बिलासपुर ने बिलासपुर संभाग में सहायक शिक्षक एवं शिक्षक ई एवं टी संवर्ग की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने की मांग की है। इस संबंध में संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश मिश्रा, अशोक कश्यप, टकेस्वर मरावी, रविन्द्र कुमार खुंटे, चित्रकांत साहू, अमरदीप शर्मा, सतीश जायसवाल, बसंत जोगी सहित प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर पदोन्नति प्रक्रिया में हो रही देरी पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!campus news : संघ का कहना है कि सहायक शिक्षक से शिक्षक, शिक्षक से प्रधानपाठक (मिडिल) तथा सहायक शिक्षक डीपीएड से व्यायाम शिक्षक के पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। विगत पांच माह में कार्यालय द्वारा चार बार अनंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है, लेकिन अब तक अंतिम वरिष्ठता सूची जारी नहीं की गई है।
संघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा कई बार वरिष्ठता सूची में त्रुटियों के संबंध में ज्ञापन एवं आपत्तियां प्रस्तुत की गई हैं। इसके बावजूद अंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन नहीं होने से शिक्षकों में असंतोष और निराशा व्याप्त है। संघ ने कहा कि पदोन्नति जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब से पात्र शिक्षकों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
संघ की प्रमुख मांगें
- अंतिम वरिष्ठता सूची का तत्काल एवं त्रुटिरहित प्रकाशन किया जाए।
- विषयवार एवं जिलावार रिक्त पदों की सूची जारी की जाए।
- पदोन्नति प्रस्ताव हेतु गोपनीय प्रतिवेदन एवं अचल संपत्ति विवरण मंगाने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए।
- विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक आयोजित कर काउंसलिंग की समय-सारणी जारी की जाए।
संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि इन न्यायसंगत मांगों पर एक सप्ताह के भीतर सकारात्मक एवं समयबद्ध कार्यवाही नहीं की जाती है, तो समस्त शिक्षकगण अपने अधिकारों के लिए संबंधित कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
संघ ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि पात्र शिक्षकों को उनका पदोन्नति अधिकार मिल सके और विभाग में व्याप्त असंतोष समाप्त हो।
