जांजगीर-चांपा | देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती (बाल दिवस) के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, अमोरा (विकासखंड अकलतरा) में एक अनूठा और उत्साहवर्धक आयोजन किया गया। इस विशेष दिन पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी पाक कला का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन तैयार किए और अपनी संस्कृति के प्रति प्रेम दर्शाया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!स्टालों पर सजा छत्तीसगढ़ का पारंपरिक स्वाद
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में आनंद मेले जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ ठेठरी, खुरमी, फरा, चीला, अइरसा, भजिया और बड़ा जैसे प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी पकवान बनाकर उनके आकर्षक स्टॉल लगाए। अतिथियों और शिक्षकों ने बच्चों द्वारा बनाए गए इन व्यंजनों का स्वाद चखा और उनकी रचनात्मकता व मेहनत की जमकर सराहना की।
संस्कृति और आत्मनिर्भरता का संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित छत्तीसगढ़ प्रधान पाठक कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष जयंत सिंह क्षत्रिय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में न केवल अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक खान-पान के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि उनमें समूह में कार्य करने और आत्मनिर्भर बनने के गुण भी विकसित होते हैं।

इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक रजनीकांत धीवर, श्रीमती रमा प्रधान, धनेश राम वर्मा एवं शैलेन्द्र कुंभकार का विशेष मार्गदर्शन और सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्य, ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह जानकारी प्रधान पाठक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, अमोरा विकासखंड – अकलतरा (जांजगीर-चांपा) ने दी है |
trending video
