विदिशा | विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने गुरुवार को विदिशा नगर में स्थित मोहनगिरी क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण करने के दौरान शिक्षक कॉलोनी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का आकस्मिक निरीक्षण किया। स्कूल के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि विद्यालय में विद्यार्थी उपस्थित थे, किंतु कोई भी शिक्षक विद्यालय में मौजूद नहीं था। बच्चों से चर्चा करने पर जानकारी मिली कि विद्यालय की शिक्षिका अपने घर गई हुई हैं, जो विद्यालय के समीप ही स्थित है। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने बच्चों से शिक्षिका के निवास के संबंध में जानकारी ली और स्वयं पैदल ही उनके घर पहुंच गए।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति के दौरान शिक्षक का अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं है। कलेक्टर ने संबंधित शिक्षिका श्रीमती मीना पाठक को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी विद्यालयों के नियमित निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें –
