लखनऊ । एपेक्स गोयल सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल द्वारा आज राज्य सूचना आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ में ‘एपेक्स चिकित्सक—दवा से पहले सलाह’ अभियान के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ माननीय मुख्य सूचना आयुक्त डॉ. राजकुमार विश्वकर्मा एवं माननीय राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप कुमार अग्निहोत्री द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर आयोग के उप सचिव डॉ. तेजस्कर पाण्डेय भी उपस्थित रहे।
प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित शिविर में आयोग के 135 सदस्यों एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जाँच तथा चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। प्रतिभागियों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर सलाह लेने और आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सुविधा मिली।
शिविर में डॉ. एस.एन.एस. यादव, वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट एवं पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ; डॉ. प्रदीप यादव, वरिष्ठ न्यूरोसर्जन; तथा डॉ. गौरव मिश्रा, वरिष्ठ परामर्शदाता अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ ने निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के साथ किडनी, हड्डियों एवं जोड़ों तथा मस्तिष्क, रीढ़ और तंत्रिका तंत्र से संबंधित समस्याओं के लिए विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराई गई।
‘दवा से पहले सलाह’ अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर स्वयं दवा लेने से बचने, योग्य चिकित्सक से परामर्श प्राप्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य जाँच कराने के प्रति जागरूक करना है। शिविर के माध्यम से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर रोगों की पहचान और उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन के महत्व को रेखांकित किया गया।

एपेक्स गोयल हॉस्पिटल की मार्केटिंग प्रमुख सुश्री रितिका उपाध्याय ने कहा कि ‘दवा से पहले सलाह’ पहल लोगों को सही स्वास्थ्य निर्णय लेने और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती है।
आयोग परिसर में आयोजित यह शिविर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यस्त दिनचर्या के बीच अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने का अवसर प्रदान करने वाली उपयोगी पहल रहा। आयोजन ने निःशुल्क विशेषज्ञ सेवाओं की सुलभता के साथ निवारक स्वास्थ्य देखभाल और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवा सेवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
