विशेष रिपोर्ट
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव में मुस्लिम समाज के वोटों को लेकर अभी से बिखराव के आसार नजर आ रहे हैं। इसकी वजह यह है कि खुद को मुस्लिम समाज का रहनुमा बताने वाले ओवैसी अब पूरी सक्रियता से प्रदेश में सक्रिय हो गए हैं| उन्होंने आजाद समाज पार्टी से गठबंधन करते हुए प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है|
ओवैसी की जनसभा में मुस्लिम समाज ही वोट बैंक पर जोर रहता है वे सार्वजनिक रूप से कहते हैं कि अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा ? अब्दुल से उनका आशय मुस्लिम समाज से है और दरी बिछाने से आशय मुस्लिम समाज को सही प्रतिनिधित्व दिए जाने से अब तक वंचित करने से हैं | इससे इतर ओवैसी को समर्थन देने वाले कई मौलाना भी उनके साथ नजर आने लगे हैं, तो वहीं दूसरी ओर बहुजन समाज पार्टी भी मुस्लिम मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने में लगी है| बहुजन समाज पार्टी के कई मुस्लिम नेता अपने समाज को संगठित करने के लिए न केवल कार्यक्रम कर रहे हैं, प्रचारित प्रसारित करते हुए बहन जी को अपना मुख्यमंत्री बनाए जाने के अभियान में जुटे हैं |
भारतीय जनता पार्टी भी मुस्लिम समाज के वोट मिलने के आसार न दिखने के बावजूद मुस्लिम समाज के विभिन्न वर्गों में संपर्क बना कर चल रही | अभी एक न्यूज चैंनल ने भाजपा के मुस्लिम नेताओं की बाईट लेकर इस आशय की खबर भी चलाई हुई है | कांग्रेस का अपना पुराना अनुमान है कि मुस्लिम समाज उसके अपने हैं और उनका वोट मिलेगा ही |
इस बार समाजवादी पार्टी से गठबंधन के कारण कांग्रेस का भरोसा थोड़ा अधिक है| इन सब के बीच समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव में मुस्लिम समाज के एकमुश्त वोट के कारण बेहतर प्रदर्शन करने में सफलता पाई थी और अब 2027 की विधानसभा चुनाव में वैसे ही सफलता पाने के लिए मुस्लिम समाज को अपने साथ मजबूती से बनाए रखना चाहती है| अखिलेश यादव की पहल मुस्लिम समाज को रास आ रही है , लेकिन दिक्कत यह है कि अखिलेश यादव को मुस्लिम समाज से दूर करने की जुगत भी विभिन्न राजनीतिक दलों में चल रही है|
ऐसे में यह थोड़ा शंका पैदा करता है कि विधानसभा चुनाव में क्या पूरा मुस्लिम समाज एकमुश्त वोट समाजवादी पार्टी को टिकट देगा ? यह सवाल इसलिए भी है कि 24 नवंबर को बरेली के मौलाना बहराइच में एक कार्यक्रम में अखिलेश यादव पर कई आरोप लगाये हैं और उन्हें बुरा भला भी कहा | इतना ही नहीं सपा नेता आजम खान पर भी मुस्लिम समाज का नेतृत्व करने के नाम पर कई आरोप लगाए| पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भी कुछ मौलाना अखिलेश यादव से नाराज चल रहे हैं | ऐसे में अखिलेश यादव के विरोध में खड़े मौलाना ओवैसी के साथ मुस्लिम समाज को ले जाने की कोशिश कर रहे हैं| अब यह देखना है महत्वपूर्ण होगा कि इन मौलानाओं के सहारे मुस्लिम समाज ओवैसी को कितनी सीटें देता है|
उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार शिव सिंह का कहना है कि विधानसभा चुनाव में मुस्लिम समाज का वोट निश्चित तौर पर महत्वपूर्ण होता है | कई विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम वोट ही हार जीत का फैसला करता है | ऐसे में सभी राजनीतिक दलों की कोशिश मुस्लिम समाज में पैठ बनाकर उनका वोट लेने की होती है , लेकिन अभी चुनाव में थोड़ा वक्त है और तब तक चुनावी हवाएं क्या रुख लेंगी, अभी से अंदाजा लगाना मुश्किल है लेकिन इतना तो तया है कि समाजवादी पार्टी का वोट शेयर मुस्लिम समाज में सबसे ज्यादा है।
उत्तर प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में मुस्लिम समाज का मतदाता एक महत्वपूर्ण भूमिका में है | इसकी वजह यह है कि मुस्लिम समाज अब तक एकमुश्त वोट देता रहा है और उसकी पहली पसंद समाजवादी पार्टी है | इसमें कोई दो राय नहीं है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी को मजबूती देने में मुसलमान मतदाता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं और लाख प्रयास के बाद भी किसी अन्य राजनीतिक दल इस वर्ग में सेंध नहीं लग पाया है, लेकिन वर्तमान हालात ऐसे दिख रहे हैं कि मुस्लिम समाज का वोट भी बिखरने की ओर बढ़ रहा है| अगर ऐसा होता है तो विधानसभा चुनाव के परिणाम ज्यादा चौंकाने वाले होंगे तब भारतीय जनता पार्टी को अप्रत्याशित सफलता मिलेगी क्योंकि ओवैसी आजाद गठबंधन, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशियों को भी मुस्लिम समाज का वोट अगर मिलता है और पिछले चुनाव में मिल भी चुका है तो इसका सबसे बड़ा नुकसान समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों को होगा| भारतीय जनता पार्टी को जीत और आसान होगी |
भारतीय जनता पार्टी की रणनीति भी यही है कि जितना मजबूती से ओवैसी आजाद गठबंधन उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेगा, भाजपा के लिए जीते उतनी ही आसान हो जाएगी| इसलिए अब सवाल यह है कि समाजवादी पार्टी , बसपा और ओवैसी किस प्रकार से मुस्लिम समाज के वोट बैंक को किस तरह से साधते हैं| यह साधना ही जीत की राह को आसान करेगा| यह जीत समाजवादी पार्टी की भी हो सकती है और भारतीय जनता पार्टी की भी |
