सेमरताल , 02 अगस्त , रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, सेमरताल (विकासखंड बिल्हा) के विद्यार्थियों ने देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के लिए अपने हाथों से आकर्षक एवं सुंदर राखियाँ ( Raksha Bandhan 2026) तैयार कर देशभक्ति और सम्मान का अनूठा संदेश दिया।

Raksha Bandhan 2026 : विद्यालय में आयोजित कला एवं शिल्प गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे धागों, मोतियों तथा पर्यावरण-अनुकूल (इको-फ्रेंडली) सामग्री का उपयोग कर मनमोहक राखियाँ बनाई। इन राखियों के साथ बच्चों ने सैनिकों के नाम शुभकामना-पत्र एवं धन्यवाद संदेश भी लिखे, जिनमें उनके साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

विद्यार्थियों ने कहा कि जो वीर जवान अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात देश की सुरक्षा में लगे रहते हैं, उनके लिए ये राखियाँ ( Raksha Bandhan 2026 ) केवल एक धागा नहीं, बल्कि पूरे देश के स्नेह, विश्वास और सम्मान का प्रतीक हैं। उन्हें यह एहसास होगा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। इस अवसर पर प्रधान पाठक शांति तिर्की, शैक्षिक समन्वयक ओमप्रकाश वर्मा, प्रदीप कुमार मुखर्जी, अनिता बोरकर, सुमन राजेन्द्र कौशिक एवं क्रांति सिंगरौल ने विद्यार्थियों की इस प्रेरणादायी पहल की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में देशभक्ति, सामाजिक संवेदनशीलता और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करती हैं।

