बहराइच , 27 अप्रेल , भारत नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र स्थित देव संस्कृति ग्रामोदय इंटर कॉलेज रामपुर-रुपईडीहा में आज किसान परिषद के तत्वावधान में “विष मुक्त खेती नशा मुक्त गाँव” चौपाल का आयोजन किया गया।आयोजित कार्यक्रम में विकास खंड नवाबगंज (बाबागंज) के सैकड़ों किसान, पर्यवारणविद,शिक्षाविद एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
Bahraich News today : उप क़ृषि निदेशक विनय कुमार वर्मा ने जिले के किसानों से फार्मर रजिस्ट्री बनवाए जाने हेतु एक गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कृषि विभाग द्वारा जिले के सभी विकास खंड में 120 क्लस्टर 50-50 हेक्टेयर के बनाए गए हैं, जिसमें चयनित किसानों के यहां प्राकृतिक खेती करने हेतु उन्हें प्रशिक्षित किया गया है l उन्होंने बताया कि इस समय हम जो खाद्यान्न खा रहे हैं वह ऑर्गेनिक नहीं है l सभी किसान भाइयों से आवाहन किया कि वह आईपीएम तकनीक अपना कर विष मुक्त खेती शुरू करें जिससे मानव को शुद्ध खाद्यान्न प्राप्त होगा तथा पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा l

उन्होंने बताया कि सभी किसान मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करें l अत्यधिक उर्वरकों के प्रयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति नष्ट हो रही है जिससे उत्पादन भी कम प्राप्त हो रहा है l एक समय ऐसा आएगा की धरती खाद्यान्न उत्पन्न करना बंद कर देगी इसलिए प्राकृतिक खेती अपना कर भूमि की उर्वरा शक्ति को नष्ट होने से बचाइए तथा विष मुक्त खाद्यान्न का उपयोग करें l उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी शिशिर कुमार वर्मा ने उपस्थित सभी किसानों तथा बच्चों को बताया कि कृषि विभाग की सभी योजनाएं ऑनलाइन हो गई है l किसानों को ढांचा बीज, धान बीज एवं अन्य फसलों के बीज ऑनलाइन टोकन जनरेट के उपरांत ही मिलेंगे l यदि किसी विकासखंड में लक्ष्य से अधिक किसान बीज बुक करते हैं तो उनका चयन E लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा l

उन्होंने उपस्थित बच्चों को बताया कि अपने-अपने माता-पिता एवं अन्य ग्राम के किसानों के साथ एक मॉडल कृषक उत्पादक संगठन बनाएं जिससे सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं का लाभ सीधे प्राप्त हो सके l कृषक उत्पादक संगठनों के माध्यम से प्राकृतिक खेती अपना कर तथा उसे तथा उत्पादित सब्जियों तथा अन्य खाद्यान्न की बिक्री कर अधिक आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 5 लाख से 10 लाख तक का ऋण प्राप्त हो रहा है l बेरोजगार युवा इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं l इस धनराशि से लघु एवं कुटीर उद्योग स्थापित कर और लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं l
जिला उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र नानपारा में हाईटेक नर्सरी ओपन हो गई इसका लाभ उठाएं तथा उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें ।उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित पौधशाला तथा रिसिया पार्क स्थित पौधशाला व नानपारा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र पौधशाला में उन्नतशील प्राजित के फलदार पौधे तैयार किये जा रहे हैं वर्षाकाल शुरू होते ही किसान इन्हें उचित मूल्य देकर प्राप्त कर सकते हैं।
आयोजक किसान परिषद प्रदेश संयोजक संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि “विष मुक्त खेती नशा मुक्त गांव’अभियान से जन जन को जोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है पर्यावरण एवं जल संरक्षण हेतु गांव में चौपाल का आयोजन कर लोगो को जागरूक भी किया जा रहा है। आयोजित चौपाल का संचालन किसान परिषद जिला संयोजक शिव पूजन सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य शुभम श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख ( नवाबगंज) जय प्रकाश सिंह ने किया।इस अवसर पर कृषि विभाग के द्वारा फार्मर रजिस्ट्री जन जागरण हेतु संचालित वाहन को भी रवाना किया गया।समापन अवसर पर उपस्थित लोगों ने “विष मुक्त खेती नशा मुक्त गांव”से जन जन को जोड़ने का सामूहिक संकल्प भी लिया। आयोजित चौपाल में प्रमुख रूप से गायत्री परिवार प्रान्त युवा प्रकोष्ठ प्रमुख जय प्रकाश वर्मा, प्रगतिशील किसान दुर्गेश वर्मा, जगत राम वर्मा, समाजसेवी पंकज यादव, गोविंद राव, शिक्षाविद राघवेंद्र शर्मा, प्रगतिशील किसान रुद्र प्रताप मिश्रा, राहुल उपाध्याय, संगठन प्रवक्ता डॉ पंकज श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
