लखनऊ | उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक (शर्मा गुट ) की राज्य कार्यकारिणी की बैठक कल 22 नवंबर को श्री जय नारायण इंटर कॉलेज चारबाग लखनऊ में आहूत की गई है | विधान परिषद चुनाव में करारी हार के बाद संगठन की यह पहली बैठक हो रही है | इस बैठक में संगठन के पदाधिकारी एमएलसी चुनाव की हार की समीक्षा के साथ-साथ संगठन में बदलाव के बाबत भी महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं |
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस बैठक को लेकर संगठन के पदाधिकारियों से विशेष रूप से शामिल होने के लिए कहा गया है| उल्लेखनीय है कि विधान परिषद चुनाव से पहले शर्मा गुट के संगठन में व्यापक स्तर पर बदलाव हुआ | संगठन के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सुरेश त्रिपाठी ने भाजपा से टिकट की चाह में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करने से जब इनकार कर दिया था, तब वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन आश्चर्यजनक तरीके से प्रमोद मिश्रा भी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़े और बुरी तरह से हार गए|
इसके बाद सुरेश त्रिपाठी पुनः प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करने लगे, जबकि संगठन के कई पदाधिकारियों ने विरोध भी जताया कि एक बार प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बाद पुनः इस पद पर कार्य करना नैतिक रूप से उपयुक्त नहीं है | खासकर शिक्षक संगठन के लिए जो शिक्षकों का नेतृत्व करते हों लेकिन इसके बावजूद सुरेश त्रिपाठी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सक्रिय हैं और अब 22 नवंबर के बैठक में संगठन स्तर फैसले हो सकते हैं |
इसी प्रकार विधान परिषद चुनाव से पहले ही शिक्षक संघ के एकमात्र विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी भी संगठन से इतर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में गोरखपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़े और मामूली अंतर से जीते |
कुल मिलाकर के वर्तमान में शर्मा गुट की स्थिति शिखर से शून्य तक पहुंच चुकी है और पदाधिकारियों में भी निराशा और हताशा का माहौल बना हुआ है, क्योंकि कभी विधान परिषद में कभी शर्मा गुट की तूती बोलती थी लेकिन आज स्थिति ये है कि विधान परिषद में एक सदस्य भी नहीं है| इतना ही नहीं संगठन का नेतृत्व भी दूसरे दलों की टिकट की चाह में चला गया और संगठन को नेतृत्वहीन जैसी स्थिति में पहुंचा दिया लेकिन जब दूसरी ओर अपेक्षित सफलता नहीं मिली तो संगठन में लौट आए कि कुछ तो नेतागिरी जारी रहे | ऐसे में शर्मा गुट की 22 नंबर को कार्य समिति की बैठक महत्वपूर्ण होने वाली है|
