सेमरताल. संकुल केन्द्र सेमरताल के चंदैनी गोंदा सभागार में शनिवार 12 सितंबर 2026। को संकुल स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ। शिष्यों की ओर से आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में संकुल अंतर्गत शासकीय एवं निजी विद्यालयों के 127 शिक्षकों का शाल, स्मृति-चिन्ह, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं कलम भेंट कर सम्मान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक बेलतरा एवं जिला सहकारी बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह थे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व प्राचार्य एन. पी. राठौर, सुनीता शुक्ला, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अनिल यादव, सरपंच धनित्तर सूर्यवंशी (सेमरताल), रानू सूर्यवंशी (नवगंवा), मंडल अध्यक्ष मनीष कौशिक तथा उपसरपंच अक्षय साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य राजेश शर्मा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन, राजगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन प्रमुख सतीश धीवर ने स्वागत भाषण में शिक्षक सम्मान की परंपरा, उद्देश्य और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।
सम्मान समारोह की पहली कड़ी में सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षकों रामकुमार वर्मा, अनुजराम धीवर, पनाराम धीवर, द्वासीराम धीवर, शरीफ खान, रामकुमार मानिकपुरी, दरबारी यादव, शत्रुघ्न दास वैष्णव, आर. एन. तिवारी, चंदन सारखेल एवं दिनेश सिंह ठाकुर का विशेष सम्मान किया गया। वरिष्ठ शिक्षकों ने अपने शिक्षकीय जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह समारोह उन शिक्षकों के सम्मान का अनूठा उदाहरण है जिन्होंने तीन-तीन पीढ़ियों को शिक्षित किया है।

मुख्य अतिथि रजनीश सिंह ने कहा कि “सेमरताल की माटी संस्कृति, संस्कार और शिक्षा की उर्वर भूमि है। यहाँ शिक्षा और समाजहित के ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं।” उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र का ऐतिहासिक आयोजन बताया।
द्वितीय सत्र में कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं व्याख्याता वर्षा भट ने मधुर गीत से वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
इस अवसर पर ब्रह्मा धीवर को विशेष सम्मान प्रदान किया गया, जिनकी फिजिकल एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त 15 युवाओं का पुलिस विभाग में चयन हुआ है। साथ ही कक्षा 11वीं की छात्रा वंदना सूर्यवंशी को गीता देवी स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।

आयोजन के प्रमुख शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सतीश धीवर थे। आयोजन समिति में अनिल कुमार वर्मा, रामावतार यादव, रवीन्द्रनाथ गहवई, मनीष कौशिक, संजीत पाण्डेय, ओमप्रकाश वर्मा, प्रदीप मुखर्जी, अभिषेक धीवर, पवन धीवर एवं अमित राव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम को मिशन नवभारत, पत्रकार उमाशंकर साहू, ग्राम पंचायत सेमरताल, गतौरी, नवगंवा एवं जलसो, एल्डरमेन संतोष दुबे तथा समाजसेवी प्रहलाद यादव का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन व्याख्याता एवं साहित्यकार अनिल कुमार वर्मा ने किया तथा रामावतार यादव ने आभार प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें
