- अडानी फाउंडेशन ने किया स्मार्ट क्लास व ई-लाइब्रेरी का लोकार्पण
दुर्ग । शासकीय प्राथमिक शाला ढौर क्रमांक 2, विकासखंड धमधा में आज छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति एवं कृषि परंपरा के प्रतीक पोला और तीजा पर्व का संयुक्त महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। प्रधान पाठक श्री अनिल कुमार थारवानी ने पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पोला जहां किसान के सच्चे साथी बैलों के प्रति कृतज्ञता का पर्व है, वहीं तीजा मातृशक्ति के अखंड सौभाग्य एवं समृद्धि का प्रतीक है।

मुख्य आकर्षण – स्मार्ट क्लास एवं ई-लाइब्रेरी का लोकार्पण
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अडानी फाउंडेशन के प्रबंधक श्री त्रिदेव कुमार त्रिपाठी एवं परियोजना समन्वयक प्रदीप्ता कुमार मोहंती ने शाला में अडानी फाउंडेशन के सहयोग से निर्मित अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास एवं ई-लाइब्रेरी का फीता काटकर लोकार्पण किया।

अपने उद्बोधन में श्री त्रिदेव त्रिपाठी जी ने कहा कि अडानी फाउंडेशन शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस स्मार्ट क्लास से ग्रामीण अंचल के बच्चों को भी शहरी सुविधाओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। श्री मोहंती ने बच्चों को ई-लाइब्रेरी का उपयोग कर ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
नन्हें-मुन्ने बच्चों ने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर लोकगीत, फुगड़ी, करमा, सुआ नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पोला के अवसर पर बच्चों द्वारा लाए गए मिट्टी के नंदी-बैलों की सजावट प्रतियोगिता एवं प्रतीकात्मक बैल दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 1 के छात्र छबि कुमार प्रथम स्थान पर रहा, द्वितीय स्थान पर गुनगुन रही।
महिला समूह एवं माताओं द्वारा तीजा पर्व की व्रत कथा का वाचन किया गया तथा पारंपरिक व्यंजन – ठेठरी, खुरमी, चीला, बरा का स्टॉल लगाकर प्रदर्शन किया गया। बच्चों को कृषि संस्कृति को संजोए रखने एवं पशुधन के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर शाला के प्रधान पाठक अनिल कुमार थारवानी, वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती सुनीता साहू, शिक्षिका सुश्री धनेश्वरी बंजारे, अडानी फाउंडेशन के प्रतिनिधि,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,पालक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सुनीता साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रधान पाठक श्री अनिल कुमार थारवानी द्वारा किया गया।

