- मेडिकल बिल, सेवा पुस्तिका संधारण, वेतन एवं ऑनलाइन अवकाश प्रक्रिया सहित विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा
कोटा . शिक्षक हितों एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े स्थानीय विषयों के त्वरित एवं सकारात्मक समाधान को लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी कुमार कुर्रे की पहल पर शुक्रवार को फेडरेशन के प्रांतीय, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने बीईओ कार्यालय कोटा पहुंचकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोपाल दुबे से शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों के समक्ष आने वाली व्यवहारिक एवं प्रशासनिक समस्याओं को प्रमुखता से रखा। चर्चा में मेडिकल बिल के भुगतान में होने वाली कठिनाइयों, सेवा पुस्तिका के नियमित संधारण एवं आवश्यक प्रविष्टियों, वेतन संबंधी समस्याओं तथा ऑनलाइन प्रक्रियाओं में आ रही व्यवहारिक दिक्कतों पर विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया गया। फेडरेशन पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों में सेवा पुस्तिका का नियमित एवं सही संधारण आवश्यक है। इसी प्रकार मेडिकल बिल एवं अन्य देयकों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा वेतन संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि शिक्षकों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
ऑनलाइन अवकाश प्रक्रिया के संबंध में बीईओ श्री गोपाल दुबे ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों को cgschool.in पोर्टल पर लीव एप्लीकेशन ऑनलाइन अप्लाई करनी होगी तथा उसके स्क्रीनशॉट को VSK ऐप में अपलोड करना होगा। सभी शिक्षकों के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक होगा।
फेडरेशन ने आग्रह किया कि ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान नेटवर्क, सर्वर अथवा तकनीकी समस्या आने पर शिक्षकों को सहयोग प्रदान किया जाए तथा ऐसी परिस्थितियों में उनकी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान किया जाए। बीईओ दुबे ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाया तथा यथासंभव समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।

फेडरेशन पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक विद्यालयों में विद्यार्थियों की शिक्षा, गुणवत्ता एवं सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों से संबंधित प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं का संवाद, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ समाधान होने से कार्य वातावरण और अधिक सकारात्मक बनेगा। इस अवसर पर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी कुमार कुर्रे, प्रदेश सलाहकार रंजीत बनर्जी, प्रदेश प्रवक्ता चंद्र प्रकाश तिवारी, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी वीरेंद्र यादव, संभाग महामंत्री विकास कायरवार, जिला अध्यक्ष सुनील पाण्डेय, जिला संयोजक श्री डोला लाल पटेल, अनुशासन समिति सदस्य दसमंत जायसवाल, जिला सचिव श्री रविंद्र कुमार खुंटे, जिला उपाध्यक्ष अनिमेष दीक्षित, विधिक सलाहकार विवेक तिवारी, संयुक्त सचिव संजय यादव, ब्लॉक अध्यक्ष कोटा सुधीर मानिकपुरी सहित सावन सिंह धुर्वे, सतनाम गुरु जोशी, शांतनु ध्रुव, त्रिलोचन सिंह ध्रुव, संतु यादव, संतोष बंजारे, गोविंद मानिकपुरी, श्रीमती अंजनी शर्मा, विनीत गुप्ता, बाबूलाल जगत, घनश्याम दास मानिकपुरी, कैवर्त्य सर, घनश्याम सिसोदिया सहित अनेक शिक्षक साथी उपस्थित रहे।
