बिलासपुर .शासकीय प्राथमिक शाला लोधीपारा में CARE FOR TAILS संस्था के फाउंडर्स अचिंत्य प्रजापति एवं आर्या अग्रवाल के द्वारा विद्यार्थियों के लिए सराहनीय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत care for tails संस्था की ओर से विद्यालय के सभी बच्चों को आवश्यक स्टेशनरी सामग्री कॉपी, पेंसिल,रबर कटर, क्रेयॉन कलर आदि वितरित की गई। साथ ही बच्चों के लिए न्योता भोज के रूप में पूरी -सब्जी हलवा एवं स्वादिष्ट हरा पुलाव का भी आयोजन किया गया, जिसका बच्चों ने हर्षपूर्वक आनंद लिया।

बच्चों की रचनात्मकता एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में चित्रकला प्रतियोगिता एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर संस्था प्रमुख श्री सुभाष चंद्र सिंह जी ने CARE FOR TAILS संस्था के फाउंडर्स अचिंत्य प्रजापति एवं आर्या अग्रवाल के प्रति विद्यालय परिवार की ओर से सादर आभार एवं हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच इस प्रकार के आयोजन न केवल उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हैं, बल्कि उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। CARE FOR TAILS संस्था द्वारा बच्चों के लिए किए गए इस संवेदनशील एवं प्रेरणादायी प्रयास की विद्यालय परिवार ने सराहना की।
