- योग प्रतिभा को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मंच दिलाता है योगासन स्पोर्ट्स एसोसियेशन बिलासपुर
- विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे बिलासपुर जिले का प्रतिनिधित्व
बिलासपुर, बिलासपुर डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान एवं मेजबानी में 5वीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन रविवार, 16 अगस्त 2026 को अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों एवं योगासन की अलग-अलग स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट योग कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार की सुबह गरिमामयी वातावरण में किया गया। उद्घाटन समारोह में संघ के अध्यक्ष डॉ. आशीष जायसवाल, चीफ पैट्रन डॉ. किरण पाल चावला तथा मुख्य अतिथि डॉ. अजय श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं संपूर्ण व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष, 14 से 18 वर्ष, 18 से 28 वर्ष, 28 से 35 वर्ष, 35 से 45 वर्ष तथा 45 से 55 वर्ष के आयु वर्गों को शामिल किया गया। सभी आयु वर्गों में बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग स्पर्धाएँ आयोजित की गईं।

प्रतियोगिता के अंतर्गत सहित विभिन्न योगासन स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने निर्धारित नियमों एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप अपनी प्रस्तुतियाँ दीं तथा निर्णायक मंडल द्वारा उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह
प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह रविवार, 16 अगस्त 2026 को सायं 6 बजे अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। समापन समारोह में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. तारणीस गौतम, योग विभाग के विभागाध्यक्ष श्री गौरव साहू तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के संचालक डॉ. प्रमोद तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अतिथियों द्वारा विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्थान प्राप्त करने वाले एवं चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में बिलासपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आयोजन की सफलता में सभी का महत्वपूर्ण योगदान
प्रतियोगिता के सफल एवं व्यवस्थित संचालन में अध्यक्ष डॉ.आशीष जायसवाल, चीफ पैट्रन डॉ. किरण पाल चावला, सचिव डॉ. अनंत तत्पनिकी, विशेषज्ञ डॉ. शालिनी सरकार, उपाध्यापक शंकर यादव, आलोक शर्मा, जय कौशिक, डॉ. शेख शाहिद, मिलिंद भानदेव, सिकंदर रजक सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। वहीं प्रतियोगिता की तकनीकी व्यवस्थाओं एवं संचालन में तकनीकी असिस्टेंट सूरज साहू ने विशेष योगदान दिया। संघ के सभी पदाधिकारियों, निर्णायकों, तकनीकी टीम, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के अथक प्रयासों से यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

संघ के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रशासन, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं। संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि बिलासपुर के प्रतिभाशाली योगासन खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर जिले एवं छत्तीसगढ़ का नाम राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
