लखनऊ, 12 जुलाई , प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत जन भवन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर राज्यपाल जी ने सफेद चंदन का पौधा रोपित किया। जन भवन की नक्षत्र वाटिका में आज कुल 29 चंदन के पौधे रोपित किए गए। इन पौधों का रोपण जन भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा राजकीय बालगृह (बालिका), सिंधी खेड़ा की बालिकाओं द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल जी ने अपने सम्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में देश और विश्व जिन पर्यावरणीय एवं स्वास्थय संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं, वे कहीं न कहीं हमारे तथा हमारी पूर्ववर्ती पीढ़ियों के प्रकृति के प्रति उपेक्षापूर्ण व्यवहार का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि दूषित जल, प्रदूषित वातावरण और अस्वस्थ जीवनशैली आज गंभीर चुनौती बन चुके हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के संरक्षण तथा स्वस्थ जीवन पद्धति को अपनाने का संकल्प लेना होगा।
राज्यपाल ने गृहणियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि बाजार में उपलब्ध मिलावटी खाद्य पदार्थों के स्थान पर घर में बने पौष्टिक एवं शुद्ध भोजन को प्राथमिकता दें तथा बच्चों को भी स्वस्थ खान-पान की आदतें विकसित कराएं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्रावासों में भी मिलावटी एवं अस्वास्थयकर खाद्य सामग्री न लाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों का स्वास्थय सुरक्षित रह सके।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य प्रेम से करें, दिल से करें तथा भविष्य की पीढ़ियों को ध्यान में रखकर करें। किसी भी कार्य को प्रारंभ करने से पूर्व यह अवश्य विचार करना चाहिए कि उससे किसी अन्य व्यक्ति को कोई असुविधा या हानि तो नहीं होगी। राज्यपाल जी ने किसानों के खेतों से होकर गुजरने वाली विद्युत लाइनों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों की ऐसी योजना बनाई जानी चाहिए, जिससे किसानों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
राज्यपाल जी ने कहा कि विभिन्न विश्वविद्यालयों में हो रहे निर्माण कार्यों में वैज्ञानिक योजना एवं बेहतर डिजाइन को अपनाकर संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग तथा अनावश्यक खर्च से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि केवल धन व्यय करना ही उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ एवं उपयोगी निर्माण हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

वृक्षारोपण अभियान का उल्लेख करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि आज अत्यंत सुंदर एवं व्यवस्थित पौधरोपण किया गया है। उन्होंने प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की भी प्रशंसा करते हुए अधिकाधिक लोगों से इस जनअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत राज्यपाल जी ने लगाए गए पौधों का अवलोकन किया तथा जन भवन के उद्यान में विकसित विभिन्न फल, सब्जी एवं शाकभाजी की क्यारियों का निरीक्षण कर उनके संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
