- भारतीय शिक्षा समिति कानपुर प्रांत द्वारा संचालित विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश
झाँसी, 13 मई, राष्ट्रभक्तों की नगरी में स्थित भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के परिसर में अध्यात्म, शिक्षा और खेल के त्रिवेणी संगम का अद्भुत दृश्य दिखा। अवसर था विद्यालय में नवनिर्मित मंदिर में ज्ञान की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा और 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक युक्त अत्याधुनिक क्रीड़ास्थल (स्टेडियम) के भूमि पूजन व शिलान्यास का। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्या भारती के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र जी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव उपस्थित रहे।

वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच अतिथियों ने विधि-विधान से पूजन कर आधारशिला रखी, जिसके बाद माँ शारदे का अनुष्ठान पूर्ण हुआ। विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। प्रधानाचार्य छत्रसाल स्वर्णकार ने सभी आगंतुक अतिथियों का परिचय कराया तथा उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका भावपूर्ण अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि झाँसी की पावन भूमि पर शिक्षा के साथ खेल सुविधाओं का विस्तार गौरव की बात है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि युवाओं के लिए खेल अनिवार्य है और यह 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेगा।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में यतीन्द्र जी ने कहा कि विद्या भारती का ध्येय केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि छात्र का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि माँ सरस्वती हमें विवेक प्रदान करेंगी और यह क्रीड़ास्थल हमें पुरुषार्थ की शक्ति देगा। संस्कारित शिक्षा और सुदृढ़ शरीर ही समर्थ राष्ट्र का निर्माण करते हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय शारीरिक प्रमुख जगदीश कुमार सिंह ने प्रस्ताविकी उद्बोधन में कहा कि विद्या भारती का लक्ष्य भैया-बहनों का सर्वांगीण विकास करना और ‘स्वस्थ शरीर-स्वस्थ राष्ट्र’ की संकल्पना को साकार करना है।

इस गरिमामयी अवसर पर विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचन्द्र , डॉ राकेश निरंजन अध्यक्ष भारतीय शिक्षा समिति कानपुर प्रांत मनोज विभाग प्रचारक, जयसिंह सेंगर महानगर सहसंघ चालक, प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद , संभाग निरीक्षक शिवकरन , बी.आई.ई.टी. झाँसी के निदेशक प्रो. जितेन्द्र कुमार शर्मा, जिला युवा कल्याण अधिकारी शिवराम सिंह, ए.डी.एम. (नमामि गंगे) योगेन्द्र कुमार, मनोज यादव युवा कल्याण अधिकारी, अजय मिश्रा संयुक्त निदेशक अभियोजन, एवं रामतीर्थ सिंघल सदस्य विधान परिषद विशिष्ट अतिथि, मनमोहन गेंडा समाजसेवी के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक के.के. गुप्ता ने सभी अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का विधिवत समापन सामूहिक ‘वंदेमातरम्’ के गान के साथ हुआ। उक्त जानकारी मीडिया प्रमुख विकास श्रीवास्तव ने दी।
