लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल 22 अगस्त 2026 को सरकारी आवास लखनऊ में प्रदेश के मुख्य सूचना आयुक्त डॉ. राजकुमार विश्वकर्मा और राज्य सूचना आयुक्तों से भेंट की। इस दौरान सूचना आयोग के कामकाज, उपलब्धियों और विभिन्न प्रकरणों के निस्तारण को लेकर मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई। बैठक में सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक लोगों तक आरटीआई का लाभ पहुंचाने समेत कई सामाजिक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर राज्य सूचना आयोग में लंबित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया, लोगों को समयबद्ध तरीके से सूचना का अधिकार उपलब्ध कराने, आरटीआई एक्ट के प्रति जागरूकता बढ़ाने जैसे विषयों पर व्यापक रूप से विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूचना के अधिकार को पारदर्शिता और जवाबदेही का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए आयोग के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। इस अवसर पर ऑन लाइन सुनवाई और निस्तारण में उल्लेखनीय प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।
