Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
- पुरानी पेंशन बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा : जगदीश पाण्डेय
कुशीनगर . उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पाण्डेय गुट) के प्रदेशीय नेतृत्व के आह्वान पर आज जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, कुशीनगर पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों की चौदह सूत्रीय मांगों के समर्थन में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन सम्पन्न हुआ। धरने में जनपद कुशीनगर सहित गोरखपुर, देवरिया एवं महाराजगंज से आए शिक्षक प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर शिक्षक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मुखरता से उठाया।

धरने को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेशीय उपाध्यक्ष एवं शिक्षक हितों के सजग प्रहरी जगदीश पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पुरानी पेंशन बहाली तक अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बुढ़ापे की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का आधार है। इसे समाप्त कर सरकार ने कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को कमजोर किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र पुरानी पेंशन बहाल नहीं की तो शिक्षक एवं कर्मचारी समाज व्यापक जनांदोलन के लिए बाध्य होगा।
श्री पाण्डेय ने माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम, 1982 की धाराओं 12, 18 एवं 21 को पुनर्स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि इनके समाप्त होने से पदोन्नति, सेवा सुरक्षा एवं प्रशासनिक कार्यवाहियां गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं। उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों के लिए पृथक सेवा नियमावली बनाकर सम्मानजनक मानदेय सुनिश्चित करने तथा व्यवसायिक शिक्षकों को पूर्णकालिक एवं नियमित शिक्षक के रूप में समायोजित करने की मांग भी की।

उन्होंने 1 अप्रैल 2014 के बाद नियुक्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सामूहिक बीमा की कटौती तत्काल प्रारंभ करने, पुरानी पेंशन के पात्र शिक्षकों की एनपीएस धनराशि को समुचित ब्याज सहित उनके पेंशन खातों में हस्तांतरित करने तथा तदर्थ शिक्षकों के विनियमीकरण एवं सेवा सुरक्षा की दिशा में अविलंब निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल दिया।
धरने को मंडल अध्यक्ष प्रहलाद केशरी, गोरखपुर के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, जिला मंत्री ओम प्रकाश यादव, देवरिया के जिला अध्यक्ष आनंद शंकर उपाध्याय, महाराजगंज के जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार पाण्डेय,संजय कुमार मिश्र,जिला उपाध्यक्ष डॉ0 वीरेन्द्र प्रताप शाही,अमरजीत मिश्र सहित अनेक शिक्षक नेताओं ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने शिक्षक, शिक्षा एवं शिक्षार्थी हितों की रक्षा हेतु संगठन की एकजुटता और संघर्षशीलता को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
जनपद कुशीनगर के जिला मंत्री डॉ. संजय कुमार मिश्र ने अपने संबोधन में शिक्षक हितों के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जब तक शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

कार्यक्रम जनपद कुशीनगर के जिला अध्यक्ष साहित्यविद नन्दा पाण्डेय के अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। अंत में राष्ट्रगान के साथ धरना कार्यक्रम का समापन किया गया। धरने में प्रधानचार्य जगदम्बा पाण्डेय, अशोक पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।नबी हसन खान सुजीत तिवारी,संतोष चौरसिया,अरविन्द पाण्डेय,वाचस्पति पाण्डेय,बबलू पाठक,अजय तिवारी,प्रभुनाथ पाण्डेय,ज्ञान पाठक,गोपाल मणि सहित अन्य शिक्षक साथी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी ने जिले के संगठन के पदाधिकारियों से कार्यक्रम की समीक्षा करने के पश्चात आज यहाँ जारी अपनी एक विशेष वार्ता मे दी है।
यह भी पढ़ें
