
बिलासपुर. गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (Guru Ghasidas Vishwavidayalaya Koni, Bilaspur, (C.G.)) की शिक्षा विद्यापीठ के अतंर्गत शारीरिक शिक्षा विभाग में स्थापना के 36 साल बाद आयोजित पूर्व छात्रों के दो दिवसीय मिलन समारोह का समापन 22 दिसंबर को हुआ। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी विधायक मस्तूरी एवं विशिष्ट अतिथि रजनीश सिंह विधायक बेलतरा एवं मंचस्थ अतिथियों में प्रो. विशन सिंह राठौड़ अधिष्ठाता शिक्षा विद्यापीठ एवं डॉ. संतोष बाजपेयी वरिष्ठ खेल अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी ने जताई प्रसन्नता
शारीरिक शिक्षा विभाग के पूर्व शिक्षक के रूप में बीपीएड एवं एमपीएड के विद्यार्थियों को एनाटॉमी एंड फिजियोलॉजी की शिक्षा प्रदान कर चुके डॉ. कृष्णमूर्र्ति बांधी ने कहा कि मेरे पढ़ाये विद्यार्थी आज देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रेष्ठ पदों पर आसीन हैं जिन्हें देखकर प्रसन्न्ता होती है। स्व. प्रो. पी.सी. त्रिपाठी के कार्यकाल को उल्लेखनीय बताते हुए एलुमनी मीट में शामिल हुए पूर्व विद्यार्थियों को नाम से संबोधित किया।
कॅरियर की नई राहें भी खुलती हैं : रजनीश सिंह
शारीरिक शिक्षा विभाग के बीपीएड एवं एमपीएड के पूर्व छात्र रहे विशिष्ट अतिथि रजनीश सिंह विधायक बेलतरा ने स्व. प्रो. पी.सी. त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विभाग की गतिविधियों की सराहना की। शारीरिक शिक्षा केवल खेलों तक सीमित नहीं है बल्कि इससे करियर की नई राहें खुलती हैं। सार्वजनिक जीवन में खेल भावना आपको समाज कार्य एवं कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में सहायता प्रदान करती है। शासकीय महाविद्यालय सीपत में वरिष्ठ क्रीडा अधिकारी के पद पर कार्यरत शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रथम बैच के छात्र रहे डॉ. संतोष बाजपेयी एवं शिक्षा विद्यापीठ अधिष्ठाता प्रो. विशन सिंह राठौड़ ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे।
200 से ज्यादा भूतपूर्व छात्र एकत्र हुए
एलुमनी मीट में देश भर से 200 से ज्यादा भूतपूर्व छात्र एकत्र हुए। विभाग के स्थापना वर्ष 1985 के वरिष्ठ विद्यार्थियों को अपने बीच पाकर वर्तमान छात्र हर्षित महसूस कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि पूर्व छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। मंचस्थ अतिथियों द्वारा एलुमनी मीट पत्रिका का विमोचन किया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आदर्श तिवारी संचालक शारीरिक शिक्षा विभाग पंडित एस.एन. शुक्ला विश्वविद्यालय शहडोल ने किया एवं कार्यक्रम का संचालन डॉ. शालिनी मेनन सहायक प्राध्यापक शारीरिक शिक्षा विभाग एवं डॉ. बसंत अंचल क्रीडा अधिकारी एवं पूर्व छात्र ने किया।
ऑनलाइन इंडक्शन कार्यक्रम 24 को
Guru Ghasidas Vishwavidayalaya Koni, Bilaspur, (C.G.) की भौतिकीय विज्ञान विद्यापीठ के अंतर्गत शुद्ध एवं अनुप्रयुक्त भौतिकी विभाग में 24 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से छात्रों का इंडक्शन कार्यक्रम है।
कार्यक्रम के संरक्षक प्रो. पी.के. बाजपेयी अधिष्ठाता भौतिकीय विज्ञान विद्यापीठ, सह-संरक्षक प्रो. जी.के. पात्रा एवं डॉ. एच.एस. तिवारी, तथा संयोजक डॉ. एम.एन. त्रिपाठी विभागाध्यक्ष शुद्ध एवं अनुप्रयुक्त भौतिकी विभाग हैं।
इसमें छात्रों को Guru Ghasidas Vishwavidayalaya Koni, Bilaspur, (C.G.), विद्यापीठ, विभाग, विभागीय शिक्षकों, पाठ्यक्रम के साथ अनुशासन, एंटी रैगिंग, प्लेसमेंट, मनोवैज्ञानिक परामर्श केन्द्र एवं छात्रावास के विषय में संबंधितों द्वारा विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसमें विद्यार्थी गूगल मीट के माध्यम से उपलब्ध कराई गई लिंक से जुड़ सकेंगे।
