सेमरताल। 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विद्यार्थियों एवं फिजिकल एकेडमी सेमरताल के सदस्यों द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेमरताल से गांधी चौक तक विशाल रैली निकाली गई। रैली में गांधीजी एवं शास्त्रीजी के जयघोष तथा “रघुपति राघव राजा राम” के गायन से पूरा गांव गुंजायमान हो उठा।

गांधी चौक पर महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर राष्ट्रगान किया गया। इसके पश्चात चंदैनी सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने भाषण, गीत एवं कविता की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर शैक्षिक समन्वयक ओमप्रकाश वर्मा ने “बापू अमर हैं” गीत प्रस्तुत कर सभागार को गांधीमय बना दिया। सेवानिवृत्त प्रधान पाठक यदुनंदन कौशिक ने कविता के माध्यम से गांधीजी के जीवन एवं विचारों को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में अतिथियों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, भाईचारा एवं नशामुक्ति के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष सतीश कुमार धीवर ने सरल शब्दों में विद्यार्थियों को समझाया कि स्वच्छता, माता-पिता की सेवा और नशामुक्त जीवन ही गांधीजी के आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मनीष कुमार कौशिक, धनित्तर सूर्यवंशी, उमाशंकर साहू अनिल कुमार यादव, पवन कुमार धीवर, पोमन सिंह ठाकुर, दिनेश कुमार ठाकुर, अनिल कुमार वर्मा, रवींद्रनाथ गहवई, ओमप्रकाश वर्मा सोमु पवन धीवर कौशिक एवं सतीश कुमार धीवर सहित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं फिजिकल एकेडमी के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
