
रायपुर. कोरोना महामारी के कारण बंद चल रहे शैक्षिक संस्थानों में दो अगस्त से चहल-पहल शुरू हो जाएगी। राज्य सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए सोमवार से 10वीं व 12वीं की कक्षाएं 50 फीसदी उपस्थिति के साथ संचालित की जांएगी। इसके लिए स्कूल प्रशासन की ओर से भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है ताकि शासन की कोरोना गाइडलाइन का किसी प्रकार से उल्लंघन न होने पाए।
प्राथमिक, उच्च प्राथमिक सहित अन्य कक्षाओं के संचालन के लिए स्कूल प्रबंधन को स्थानीय स्तर पर स्कूल समितियों से राय-मशविरा करना होगा और अगर यह समितियां मंजूरी देती हैं, तभी स्कूलों का संचालन संभव होगा। इसमें शहरी क्षेत्रों में जहां पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच व ग्राम पंचायत जन प्रतिनिधियों की। सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि स्कूल उन्हीं जिलों में संचालित किए जाएंगे, जहां कोरेाना की पॉजिटिविटी दर एक सप्ताह से एक फीसदी से कम है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से भी इस आशय के निर्देश पहले ही भेजे जा चुके हैं। साथ ही डीईओ, बीईओ भी इस व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
आनलाइन कक्षाएं संचालित रहेंगी
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि ऑफलाइन कक्षाएं संचालित होने के बावजूद आनलाइन कक्षाएं पूर्ववत संचालित की जाती रहेंगी। ऑफ लाइन कक्षाओं में उपस्थिति के लिए विद्यार्थियों पर किसी प्रकार का दबाव नहीं डाला जाएगा।
