Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बिलासपुर । शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने के लिए जनपद प्राथमिक शाला, बिल्हा (जिला बिलासपुर) में कार्यरत शिक्षक कलेश्वर साहू को आज प्रतिष्ठित नया सवेरा ‘छत्तीसगढ़ महतारी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह भव्य सम्मान समारोह रायपुर स्थित होटल विमतारा में ‘नया सवेरा जन कल्याण समिति, छत्तीसगढ़’ के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) अमर सिंह छाबड़ा उपस्थित रहे। इसके साथ ही विशिष्ट अतिथियों के रूप में सुप्रसिद्ध कबीर एवं सूफी गायक पद्मश्री डॉ. भारती बंधु, श्री सत्य साईं हॉस्पिटल रायपुर के चेयरमैन डॉ. सी. श्रीनिवास, वरिष्ठ साहित्यकार गिरीश पंकज उपाध्याय तथा प्राइवेट स्कूल संघ छत्तीसगढ़ के सचिव राजीव गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने शिक्षक कलेश्वर साहू द्वारा शिक्षा के उन्नयन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति किए जा रहे समर्पित प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। अतिथियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह, साल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कलेश्वर साहू की इस उपलब्धि पर बिल्हा विकासखंड सहित पूरे शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।
