Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
- विज्ञान नाटक से बताया पॉलीथिन के दुष्प्रभाव, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सिरगिट्टी (बिलासपुर)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरगिट्टी में विकासखंड स्तरीय विज्ञान मेला ( Block-level Science Fair ) प्रदर्शनी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कौशिक, शहरी स्रोत समन्वयक वासुदेव पांडेय एवं बीआरसी देवी चंद्राकर अतिथि के रूप में शामिल हुए।

आयोजन में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडलों, रंगोली एवं पोस्टर के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। आकर्षक विज्ञान मॉडलों ने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।

विज्ञान नाटक रहा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नाटक के माध्यम से बच्चों ने पॉलीथिन के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से पॉलीथिन से होने वाले प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।
उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया सम्मानित
रंगोली एवं पोस्टर निर्माण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को तीन श्रेणियों में प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार की सराहना की।

प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका व्याख्याता श्री मनीष शर्मा, श्री धीरेन्द्र शर्मा एवं श्री विनय वर्मा ने निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में संकुल एवं शाला परिवार सिरगिट्टी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संकुल प्रभारी अजीत कुमार कुजूर एवं संकुल समन्वयक श्री सत्येंद्र श्रीवास ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अरुण पाण्डेय ने किया।
