- वाई-फाई सिस्टम लगाने की घोषणा
बिल्हा । संकुल केंद्र कन्या बिल्हा अंतर्गत जनपद प्राथमिक शाला बिल्हा में संचालित नवोदय एवं एकलव्य विद्यालय नि:शुल्क कोचिंग क्लास का आज रविवार को संयुक्त संचालक (शिक्षा विभाग, बिलासपुर) अश्वनी कुमार भारद्वाज द्वारा अवलोकन किया गया। अवलोकन के दौरान जेडी भारद्वाज ने बच्चों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें नवोदय विद्यालय की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए मार्गदर्शन प्रदान किए। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से क्लास आने, एक बेहतर समय-सारणी बनाकर अध्ययन करने तथा अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित किया। पालकों को भी सलाह देते हुए बच्चों व उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए कहा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निःशुल्क कोचिंग क्लास में आधुनिक संसाधनों से पढ़ाई को आसान बनाने के उद्देश्य से जेडी भारद्वाज ने जनपद प्राथमिक शाला में वाई-फाई सिस्टम लगवाने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित सभी बच्चों को बिस्कुट बांटे। जेडी भारद्वाज ने “शिक्षा एक सेवा” टीम के निस्वार्थ भाव से अध्यापन करा रहे शिक्षक कलेश्वर साहू एवं राजेश यादव के समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इसी कार्यक्रम के दौरान संकुल समन्वयक (सीएसी) केशव वर्मा ने बच्चों को प्रेरक कहानियां सुनाकर पूरे मनोयोग से पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।

जेडी भारद्वाज द्वारा जनपद प्राथमिक शाला बिल्हा के सभी कक्षाओं का अवलोकन करते हुए साफ सफाई की प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि आज इस नि:शुल्क कोचिंग क्लॉस में नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की पूर्व तैयारी हेतु एक विशेष मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया था। इस टेस्ट में बिल्हा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए 46 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सीएसी केशव वर्मा, सीएसी राकेश शुक्ला, शिक्षक रामचंद जांगड़े, अरुण सेन, पुनीराम साहू, हेमंत कोशले सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं बच्चों के पालकगण उपस्थित रहे।
