सेमरताल। शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला सेमरताल में कक्षा 6वीं से 8वीं के विद्यार्थियों द्वारा पौष्टिक आहार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में दाल, गन्ना, मछली, हरी सब्जियां, फल, फूल, तेल, घी सहित लगभग 60 प्रकार के खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए।

प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों में पाए जाने वाले पोषक तत्वों और उनके महत्व की जानकारी देना था। विज्ञान शिक्षिका श्रीमती सुमन राजेन्द्र कौशिक एवं क्रांति सिंगरौल ने विद्यार्थियों को विटामिन, प्रोटीन, वसा, कार्बोहाइड्रेट, खनिज एवं अन्य पोषक तत्वों के बारे में बताया।
प्रदर्शनी में बताया गया कि तेल एवं घी वसा के स्रोत हैं, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं। दाल प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, जबकि मुनगा भाजी एवं हरी सब्जियों से विटामिन, खनिज और रेशे प्राप्त होते हैं। पपीता विटामिन A, C एवं रेशे तथा अमरूद विटामिन C और रेशे का अच्छा स्रोत है। दूध एवं दही कैल्शियम और प्रोटीन के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।

शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री सतीश कुमार धीवर, उमाशंकर साहू, पत्रकार अमित राव मराठा एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों से प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान को परखा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिए। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सेमरताल के प्राचार्य राजेश कुमार शर्मा ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को भोजन में हरी सब्जियां, फल, दूध-दही एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने की सलाह दी।

श्री सतीश कुमार धीवर ने लाल भाजी, पपीता, अमरूद, दूध-दही जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन के लिए प्रेरित किया तथा अत्यधिक तले-भुने और कम पोषण पदार्थों बचने की सलाह दी गई।
आज कार्यक्रम को सफल बनाने में शैक्षिक समन्वयक ओमप्रकाश वर्मा प्रधान पाठक शांति तिर्की प्रदीप कुमार मुखर्जी अनिता बोरकर सुमन राजेन्द्र कौशिक क्रांति सिंगरौल पद्मावती मरावी एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।

