पटना, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर ( Bihar Agricultural University, Sabour, Bhagalpur, ) के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (IAUA), नई दिल्ली के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया है। यह दायित्व उन्होंने पूर्व अध्यक्ष डॉ. एम.एस. चौहान, कुलपति, जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत संभाला है।
IAUA देश के कृषि विश्वविद्यालयों का एक प्रमुख राष्ट्रीय मंच है, जो उच्च कृषि शिक्षा, बहु-संस्थागत अनुसंधान समन्वय, नीति समर्थन एवं मानव संसाधन विकास को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने कहा, “वर्तमान परिदृश्य में कृषि क्षेत्र जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनके समाधान हेतु विज्ञान, नीति एवं जमीनी क्रियान्वयन के मध्य प्रभावी समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास रहेगा कि कृषि विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग को सुदृढ़ किया जाए तथा नवाचार-आधारित अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को बढ़ावा दिया जाए। कुलपति के नेतृत्व में IAUA के माध्यम से संस्थागत समन्वय को नई गति मिलने, नवाचार-आधारित अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलने तथा किसानों तक उन्नत कृषि तकनीकों के प्रभावी प्रसार की अपेक्षा की जा रही है।
