लखनऊ, बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोती नगर, लखनऊ में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभात फेरी से हुआ, जिसमें विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रभात फेरी के पश्चात विद्यालय परिसर में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. लीना मिश्र ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी जयंती और शास्त्री जयंती का आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमें इन महान विभूतियों द्वारा स्थापित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को स्मरण करने तथा उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाकर ही हम एक बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम का आयोजन पूनम यादव, रागिनी यादव, मंजुला यादव एवं प्रतिभा रानी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन कक्षा 10 की छात्रा काजल तिवारी ने किया।

इस अवसर पर छात्राओं ने देशप्रेम से ओत-प्रोत गीतों एवं देशभक्ति से परिपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ जैसे भजनों की मधुर प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर का वातावरण राष्ट्रभक्ति एवं आध्यात्मिक भाव से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आदर्शों एवं मूल्यों को अभिव्यक्त करते हुए आकर्षक चित्र एवं प्रभावशाली स्लोगन तैयार किए।

उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे – जूनियर वर्ग की पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 7 की प्रमीन बानो ने प्रथम, प्रिया ने द्वितीय तथा कक्षा 6 की शांभवी शुक्ला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 8 की आयशा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

सीनियर वर्ग की पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 12 की आराधना निषाद ने प्रथम तथा कक्षा 9 की वैष्णवी राजेंद्र शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग की स्लोगन प्रतियोगिता में कक्षा 12 की आराधना निषाद प्रथम, कक्षा 10 की शताक्षी त्रिपाठी द्वितीय तथा कक्षा 11 की वैष्णवी मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी छात्राओं को खाद्य सामग्री वितरित की गई। संपूर्ण कार्यक्रम ने छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी तथा महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
