- अटेवा की जनजागरण यात्रा का पाँचवाँ दिन सम्पन्न, लखीमपुर में हुआ समापन
लखनऊ , 16 जून , अटेवा पेंशन बचाओ मंच के प्रदेश अध्यक्ष/ राष्ट्रीय अध्यक्ष NMOPS विजय कुमार “बन्धु” के नेतृत्व में चल रही जनजागरण यात्रा का पाँचवाँ दिन सोमवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यात्रा प्रातः 10 बजे हरदोई मुख्यालय से प्रारम्भ होकर जंगबहादुरगंज, मोहम्मदी एवं गोला होते हुए शाम लगभग 8 बजे लखीमपुर खीरी में सम्पन्न हुई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर शिक्षकों, कर्मचारियों, युवाओं, शिक्षामित्रों आम नागरिकों के साथ मोहम्मदी तहसील के अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया तथा OPS, शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार जैसे जनहित के मुद्दों पर अपना समर्थन व्यक्त किया। यात्रा को प्रत्येक पड़ाव पर व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ। सभा को संबोधित करते हुए विजय कुमार बन्धु ने कहा कि यह जनजागरण यात्रा केवल पुरानी पेंशन बहाली तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के आम नागरिकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों—पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS), गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ चिकित्सा और रोजगार के अधिकार—को लेकर निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को समान कार्य करने वाले कर्मचारियों को “समान कार्य के लिए समान वेतन” का अधिकार सुनिश्चित करना चाहिए।
उन्होंने मांग उठाई कि आउटसोर्सिंग कर्मियों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं अन्य संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए तथा उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस नीति बनाई जाए। उन्होंने कहा कि अटेवा सभी वर्गों के कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्षरत है।
विजय कुमार “बन्धु” ने विशेष रूप से कहा कि यदि आवश्यक हो तो कर्मचारियों को बाद में OPS मिले, लेकिन देश की सुरक्षा में लगे अर्धसैनिक बलों के जवानों के लिए तत्काल प्रभाव से पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले जवान सामाजिक सुरक्षा के पूर्ण अधिकारी हैं। यात्रा के दौरान वक्ताओं ने आगामी 25 सितम्बर 2026 को लखनऊ में प्रस्तावित महाआंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया तथा अधिक से अधिक कर्मचारियों, शिक्षकों, युवाओं एवं नागरिकों से इसमें भागीदारी की अपील की। जनजागरण यात्रा के पाँचवें दिन के सफल आयोजन के साथ अटेवा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि कर्मचारियों और आम जनता के अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
