- खुन खुन जी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, चौक, लखनऊ में अपराजिता मंच के अंतर्गत छात्रा परिषद चुनाव सम्पन्न
लखनऊ । खुन खुन जी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, चौक, लखनऊ ( Khun-Khun Ji Girls PG College) में अपराजिता मंच के अंतर्गत छात्रा परिषद का चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न हुआ। छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व एवं निर्णय लेने की योग्यता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस चुनाव में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चुनाव में कुल 239 छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
छात्रा परिषद के चार पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं संयुक्त सचिव के लिए चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। छात्राओं ने विभिन्न पदों के लिए अपने नामांकन प्रस्तुत किए तथा अपने विचारों और संकल्पों के माध्यम से अन्य छात्राओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित किया।

अध्यक्ष पद पर बी.ए. तृतीय वर्ष की विदुषी मिश्रा ने 85 मत प्राप्त कर विजय प्राप्त की, जबकि सत्या सिंह को 62 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर बी.एड. द्वितीय वर्ष की रिंकी भारती ने 69 मत एवं बी.ए. द्वितीय वर्ष की आकांक्षा अवस्थी ने 67 मत प्राप्त कर दोनों उपाध्यक्ष पद पर चयनित हुए.
सचिव पद पर बी.ए. प्रथम वर्ष की राशि यादव ने 82 मत प्राप्त कर विजय प्राप्त की, जबकि दिशा आर्या 68 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। संयुक्त सचिव पद पर बी.एड. प्रथम वर्ष की उत्तरा त्रिपाठी एवं रिफ़त मेंहदी रिज़वी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। चुनाव के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कुल 6 पद थे जिसमे दो पद ( संयुक्त सचिव ) निर्विरोध चुने गए। कक्षा प्रतिनिधि के रूप में बीए प्रथम वर्ष से महक, बीए द्वितीय वर्ष से सुप्रिया दीक्षित, बीए तृतीय वर्ष से सत्या सिंह, बीकॉम प्रथम वर्ष से रिमझिम गुप्ता, बी .कॉम द्वितीय वर्ष से रिया गौतम बीकॉम तृतीय वर्ष से महक कनौजिया, बी .एड प्रथम वर्ष से सोनल वर्मा, बी .एड द्वितीय वर्ष से कीर्ति दुबे एम . ए . (शिक्षा शास्त्र ) प्रथम वर्ष से कोमल जैन, एम . ए . (शिक्षा शास्त्र,) द्वितीय वर्ष से हिमांशी यादव, एम . ए . (समाजशास्त्र,) प्रथम वर्ष से शबनम बानो, एम . ए .( समाजशास्त्र) द्वितीय वर्ष– तनवीर बानो, एम . ए . ( हिंदी) प्रथम वर्ष से चांदनी, एम . ए . ( राजनीति शास्त्र) प्रथम वर्ष से खुशी वर्मा चयनित हुए।इस प्रक्रिया के माध्यम से महाविद्यालय ने छात्राओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व तथा सामूहिक नेतृत्व की भावना से परिचित कराने का प्रयास किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अंशु केडिया एवं अपराजिता मंच की संयोजिका प्रो. रंजीत कौर ने सभी निर्वाचित छात्रा पदाधिकारियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छात्रा परिषद की निर्वाचित पदाधिकारी महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए छात्राओं के हितों और महाविद्यालय के विकास के लिए कार्य करेंगी।
सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हुई। प्राचार्या प्रो. अंशु केडिया ने बताया कि आगामी 17 तारीख़ को निर्वाचित छात्राओं को शपथ दिलाई जाएगी। समस्त चुनाव कार्यक्रम प्राचार्या प्रो. अंशु केडिया के दिशा निर्देशन में सम्पन्न हुए।
यह भी पढ़ें –
