- नवयुग कन्या महाविद्यालय य (Navyug Kanya Mahavidyalaya) की राष्ट्रीय सेवा योजना एवं बी. एड. विभाग द्वारा डी०ए०वी० एवं नाका चौराहे पर नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन
लखनऊ | सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नवयुग कन्या महाविद्यालय (Navyug Kanya Mahavidyalaya) की राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों एवं बी.एड. विभाग के संयुक्त तत्वाधान में जन-जागरूकता हेतु नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय के कुशल संरक्षण तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों एवं बी.एड. विभाग के प्रवक्ताओं के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय की छात्राओं ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अपनी सशक्त अभिनय क्षमता के माध्यम से सामाजिक विषयों पर प्रभावकारी संदेश दिया ।
सर्वप्रथम छात्राओं द्वारा डी.ए.वी. चौराहे पर महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर नुक्कड़ नाटक का जीवंत मंचन किया। नाटक के माध्यम से छात्राओं ने उपस्थित जनसमुदाय को महिलाओं की आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। साथ ही, सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए समाज में बेटियों की शिक्षा और स्वावलंबन पर बल दिया।

इसी क्रम में शहर के व्यस्ततम चौराहा नाका चौराहे पर छात्राओं द्वारा नशा मुक्ति अभियान को ध्यान में रखकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने व्यसन से परिवारों में होने वाले विघटन, शारीरिक व मानसिक दुष्परिणामों तथा आर्थिक हानि को कलात्मक ढंग से रेखांकित किया। नाटक ने आम जनता को नशे का त्याग कर एक स्वस्थ एवं प्रगतिशील समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही समाज में सकारात्मक बदलाव की संवाहक है। सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे आयोजनों से जन-सामान्य में जागरूकता का तेज़ी से प्रसार होता है।

नुक्कड़ नाटक के सफल मंचन में सानवी खन्ना , मधु यादव ,श्रुति पाण्डे, गोल्डी गौतम, अंशिका सिंह ,अंजली कुमारी,शिल्पा यादव ,दर्शना उपाध्याय , निशा बानो,श्वेता शर्मा ,अंजली गुप्ता ,अंकिमा देवी , गूनी गुप्ता,अनुश्री त्रिपाठी, शिवांगी, अदिति गुप्ता आदि छात्राओं की मुख्य भूमिका रही ।

कार्यक्रम के अंत में स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों ने छात्राओं के अभिनय तथा दिए गए सामाजिक संदेशों की सराहना की तथा नशे से दूर रहने एवं अन्य लोगो को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के तीनों कार्यक्रम अधिकारी डॉ मनीषा बड़ौनियाँ, डॉ चंदन मौर्य, सुश्री दीक्षा एवं बी.एड. विभाग की प्रोफेसर रशीदा खातून, प्रोफेसर सरिता कनौजिया, प्रोफेसर निशी गुप्ता, डॉ दीपशिखा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयं सेविकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में नाका हिण्डोला थाना प्रभारी का भी सहयोग प्राप्त हुआ ।

