- नवयुग कन्या महाविद्यालय में बी.ए. फ्रेशर्स पार्टी का भव्य आयोजन
लखनऊ। नवयुग कन्या महाविद्यालय ( Navyug Kanya Mahavidyalaya) में नवप्रवेशित बी.ए. की छात्राओं के स्वागत के लिए सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रैंप वॉक और प्रतिभा प्रदर्शन से सजे इस समारोह में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मिस फ्रेशर’ प्रतियोगिता रही, जिसमें कीर्ति अवस्थी ने मिस फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया।
मिस फ्रेशर प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की गई। प्रथम चरण में छात्राओं ने आत्म-परिचय एवं रैंप वॉक के माध्यम से अपनी व्यक्तित्व-प्रस्तुति दी। इस चरण में कुल 45 छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 12 छात्राओं का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया। दूसरे चरण में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद तीसरे एवं अंतिम चरण में चयनित छह छात्राओं से निर्णायक मंडल द्वारा विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनके माध्यम से उनकी बुद्धिमत्ता, आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता और व्यक्तित्व की परख की गई।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. संगीता कोतवाल, विभागाध्यक्ष, अंग्रेज़ी विभाग तथा प्रो. सीमा पांडे, विभागाध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा विभाग शामिल रहीं। दोनों निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का सूक्ष्मता से मूल्यांकन करते हुए निष्पक्ष निर्णय प्रदान किया।
प्रतियोगिता में कीर्ति अवस्थी को मिस फ्रेशर, मुस्कान मिश्रा को प्रथम रनरअप तथा अनन्या साहू को द्वितीय रनरअप चुना गया। वहीं भूमि सागर को मिस ऑलराउंडर तथा सानिया इदरीसी को मिस ब्यूटीफुल स्माइल का खिताब प्रदान किया गया। विजेता छात्राओं को ताज पहनाकर सम्मानित किया गया।
फ्रेशर्स पार्टी में छात्राओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चाँद लगा दिए। सिमरन, अर्शी, रैना और मंजू के नृत्य ने दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। वहीं मुस्कान मिश्रा और निकिता ने प्रभावशाली एंकरिंग के माध्यम से पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्राओं नीलाक्षी, वेदिका तिवारी, कोमल रावत, अन्वी सिंह, खुशी मेहरोत्रा, खुशी निषाद, दीपांशी तिवारी, शुभांगी सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

महाविद्यालय ( Navyug Kanya Mahavidyalaya) की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति की इंचार्ज प्रो. सीमा सरकार, सदस्य डॉ. रीमा छाबड़ा, डॉ. अपूर्वा अवस्थी, डॉ. गरिमा मिश्रा एवं डॉ. सुकन्या तिवारी, डॉ. क्षितिज शुक्ला, डॉ. स्नेहा चौधरी, डॉ. किरन पांडे सहित महाविद्यालय की समस्त प्रवक्ताएँ और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। समारोह उत्साह, उमंग और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
यह भी पढ़ें –
