लखनऊ . उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पाण्डेय गुट के अधिकृत प्रत्याशी आशीष कुमार सिंह के चुनाव प्रचार अभियान के क्रम में संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में एक सघन जनसंपर्क दल ने रायबरेली जनपद के विभिन्न विद्यालयों का दौरा किया। 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले चुनाव प्रचार प्रतिनिधिमण्डल में प्रदेश कोषाध्यक्ष नन्द कुमार मिश्रा, कार्यालय मंत्री हरिश्चन्द्र सिंह, प्रदेश संयुक्त मंत्री, रायबरेली के पूर्व जिला मंत्री राम इकबाल बहादुर सिंह एवं जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेश चन्द्र सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।
विभिन्न विद्यालयों की जनसंपर्क अभियान में सर्वप्रथम गांधी इण्टर कॉलेज बछरांवा उसके बाद जनपद इण्टर कॉलेज हरचंदपुर, के.पी. इण्टर कॉलेज शौरा, महात्मा गांधी इण्टर कॉलेज रायबरेली, वैदिक इण्टर कॉलेज रायबरेली एवं लाल ऋषि गर्ल्स इण्टर कॉलेज रायबरेली का सघन दौरा किया गया।

विद्यालयों में शिक्षकों और शिक्षिकाओं से संवाद करते हुए संगठन प्रवक्ता श्री ओम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा – “संघर्ष हमारी विरासत है, साहस हमारा बल है और एकता हमारी विचारधारा है। हमने संघर्षों से ही सारी उपलब्धियां पाई हैं।” उन्होंने संगठन की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हमारे संघर्षों के बल पर ही वेतन वितरण अधिनियम 1971 लागू हुआ, कोषागार से सेवानिवृत्त शिक्षकों को पेंशन का अधिकार मिला, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित हुई,केन्द्रीय कर्मचारियों के समान वेतनमान यह सब हमारे संघर्ष का ही परिणाम है। हमारी भावी मांगों में जो सरकार से अपेक्षित है वे त्रिस्तरीय वेतनमान (ACP) की सुविधा, तदर्थ शिक्षकों को विनियमितीकरण कर तदर्थवाद की समाप्ति, सभी कार्यवाहक प्रधानाचार्यों को पद के सापेक्ष वेतनमान, राजकीय कर्मचारियों की भांति पं. दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा योजना से आच्छादित करने की मांगो को अपने चुनावी वचन पत्र में सम्मिलित किया गया है।
अधिकृत प्रत्याशी आशीष कुमार सिंह ने शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि शिक्षकों ने मुझे विधान परिषद में भेजने का अवसर दिया तो शपथ ग्रहण के 06 माह के भीतर पुरानी पेंशन बहाली के लिए निर्णायक संघर्ष करूँगा और उसे पूरा कराऊँगा। प्रदेश संयुक्त मंत्री ने कहा कि अपना संगठन दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केवल शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, सम्मान और परिलब्धियों की रक्षा के लिए संघर्षरत है।
अंत में सभी शिक्षकों से अपील की गई कि वे अपने गौरवशाली संगठन की विरासत को बचाये रखने के लिए अधिकृत प्रत्याशी *श्री आशीष कुमार सिंह को प्रथम वरीयता का मत देकर भारी मतों से विजयी बनावें। यह जानकारी रायबरेली के दौरे से लखनऊ पहुंचने के बाद ओम प्रकाश त्रिपाठी ने अपने जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी।
