लखनऊ, 13 जुलाई , बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश सरकार, वन विभाग उत्तर प्रदेश एवं बीबीएयू के संयुक्त तत्वावधान में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ 2026’ का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री, भारत सरकार उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मंच पर सरोजिनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, बीबीएयू कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, विभिन्न शिक्षक, कर्मचारी एवं लखनऊ के मंडल वन अधिकारी शितांशु पाण्डेय सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस अवसर पर लगभग 8,500 पौधे लगाए गए, जिनमें आम, नीम, मौसमी, अमरूद, जामुन, सहजन सहित विभिन्न फलदार एवं फूलदार प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने सभी को इस अभियान में हिस्सा लेने हेतु धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बीबीएयू का ग्रीन कैंपस और यहां की समृद्ध जैव विविधता इसकी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभूतपूर्व लक्ष्य हासिल किया गया है। यह केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि वर्तमान पीढ़ी का ऐसा संकल्प है, जो आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य की आधारशिला है।

कुलपति ने बताया कि बीबीएयू में पीएचडी में प्रवेश लेने वाले प्रत्येक शोधार्थी के लिए एक पौधा लगाना अनिवार्य है तथा शोध प्रबंध जमा करते समय उस पौधे के साथ जियो-टैग फोटो भी प्रस्तुत करनी होती है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण सुरक्षा को जनभागीदारी का अभियान बनाकर भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में डॉ. रवि शंकर वर्मा, प्रभारी, वनस्पति उद्यान एवं एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

