बिल्हा, 29 जून । शासकीय प्राथमिक शाला कोटिया संकुल – मुरकुटा में शाला प्रवेश उत्सव का भव्य और गरिमामय आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गौरवशाली कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा ज्ञान की देवी मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के इस पावन अवसर पर विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपसरपंच ग्राम पंचायत मोहतरा ने नवप्रवेशी बच्चों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर, निःशुल्क पुस्तकें और गणवेश प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि इंद्रजीत क्षत्री ने शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही व्यक्ति अपने भविष्य को संवार सकता हैं । गाँव के सफल व्यक्तियों के उदाहरण देकर बताया कि वें गरीब होते हुए भी दृढ़ इच्छा से कैसे कामयाब हुए |

उन्होंने शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार की आवश्यकता पर बल देते हुए बच्चों को जीवन में एक दृढ़ संकल्प के साथ खूब मन लगाकर पढ़ने की प्रेरणा दी और सभी को नए शैक्षणिक सत्र की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।साथ ही अतिथियो ने गत वर्ष में अपने कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मैमेंटो, मैडल देकर सम्मानित किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम बरगाह ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में शिक्षाविद शत्रुहन मरकाम ,शिक्षक उग्रसेन पटेल मंच पर आसीन रहें | इस गौरवमयी आयोजन में आंगनवाड़ी सहायिका बिमला बरगाह, पालकगण में गोविंदा यादव,रुखमणि, मोहनी यादव मिथिला बरगाह, मीना ध्रुव, अघानिया, दुलाउरीन, गंगाईया बाई सवाना यादव, गंगा ध्रुव, अनिल बरगाह और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावक एवं पालक गण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का सफल और गरिमापूर्ण संचालन प्रधान पाठक राजेश यादव द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और पालकों के प्रति आभार प्रदर्शन शिक्षिका अम्बे क्षत्री द्वारा व्यक्त किया गया।
