लखनऊ। डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय ( Dr Shakuntala Misra National Rehabilitation University lucknow ) की छात्रा संजना कुमारी ने चेक पैरा बैडमिंटन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर देश और विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता चेक गणराज्य में 14 अप्रैल से 19 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। बीबीए की छात्रा संजना ने एसएल-03 वर्ग में भाग लेते हुए कड़े मुकाबलों के बीच शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने एकल स्पर्धा में कांस्य पदक प्राप्त किया, जबकि मिश्रित युगल में बेहतरीन तालमेल और प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद विश्वविद्यालय ( Dr Shakuntala Misra National Rehabilitation University lucknow ) में संजना का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर कुलपति आचार्य संजय सिंह, क्रीड़ा एवं योग प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. पी. राजीवनयन सहित अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुलपति ने क्या कहा –
“संजना की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय ( Dr Shakuntala Misra National Rehabilitation University lucknow ) और देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी मेहनत और लगन अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विश्वविद्यालय ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।”
-आचार्य संजय सिंह, कुलपति, डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय
