लखनऊ , 28 मई , प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने गत दिवस जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के लिए जन भवन में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर की रिपोर्ट की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि 21 अप्रैल एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित स्वास्थ्य शिविर में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ के आठ विभागों के चिकित्सकों द्वारा 394 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था।
राज्यपाल जी ने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान जिन बच्चों में विभिन्न बीमारियां चिन्हित हुई हैं, उनका समुचित उपचार किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ में कराया जाए। इस कार्य में जन भवन परिसर में स्थापित जन भवन चिकित्सालय तथा जन भवन के अधिकारी आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करें।
उन्होंने विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि बच्चे विद्यालय अवधि में समय पर दवाइयों का सेवन करें। साथ ही अभिभावकों से संवाद स्थापित कर उन्हें भी बच्चों के स्वास्थ्य एवं उपचार के प्रति जागरूक किया जाए। राज्यपाल जी ने इस अभियान की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उनके समक्ष प्रस्तुत किए जाने के निर्देश भी दिए।
राज्यपाल जी ने मोहान रोड, लखनऊ स्थित राजकीय बाल गृह (बालक) एवं सिंधी खेड़ा, लखनऊ स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) में पूर्व में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि वहां आने वाले नए बच्चों के लिए पुनः स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिया कि जन भवन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत जिन बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की प्रथम डोज दी गई है, उन्हें समयबद्ध रूप से दूसरी डोज उपलब्ध कराने की तैयारी भी सुनिश्चित की जाए। राज्यपाल जी ने किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ के चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय समाज के वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत अनेक बच्चों का नामांकन जन भवन के अधिकारियों द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान के माध्यम से कराया गया था, जिससे जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में सफलता मिली है।
