
लखनऊ. राजधानी लखनऊ के केकेसी समाजवादी कैंप कार्यालय पर सपा नेता ( Samajwadi Party) अनिल यादव ने अपने सहयोगियों के द्वारा किए जा रहे बूथ स्तर के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा करते हुए कहा कि बूथ स्तर की मजबूती से ही किसी भी चुनाव को जीता जा सकता है । इस मौके पर उन्होंने योगी सरकार पर जमकर तंज कसा और कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के विकास को लेकर झूठ का ढिंढोरा पीट रही है, क्योंकि इनके पास बताने और दिखाने के लिए कुछ नहीं है इनके सारे वादे और विकास कार्य हवा हवाई है।
समाजवादी नेता ने विज्ञापनों पर तंज कसते हुए कहा कि योगी सरकार बंगाल में हुए विकास कार्य को अपना बताने से नहीं चूकती और चीन और अमेरिका में भी जो विकास कार्य हुए हैं वह योगी सरकार उत्तर प्रदेश में बता कर जनता को मूर्ख बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर कृषि कानून वापस नहीं होते तो आने वाले दिनों में किसानों की जमीन और हक छीन लिए जाते। समाजवादी नेता ने सभी बूथ अध्यक्षों का आह्वान किया कि वे विधानसभा चुनाव तक अपने क्षेत्र में ही वोट व बूथ के लिए लगातार काम करें। ऐसा करने पर ही Samajwadi Party की उत्तर प्रदेश में सत्तावापसी तय है।
