प्रयागराज , 19 मई , इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन ( University of Allahabad ) ने पीसीबी, एसएसएल समेत अन्य छात्रावासों के प्रवेश द्वार पर एआई आधारित कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है। इन कैमरों की मदद से अवांछित और अवैध रूप से रह रहे छात्रों की पहचान की जा सकेगी। हाल के दिनों में पीसीबी और एसएसएल छात्रावासों के छात्रों के बीच मारपीट और पथराव की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। स्थिति गंभीर होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन की तहरीर पर 12 छात्रों सहित 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि अवैध रूप से रह रहे कुछ छात्रों के विवाद के कारण कई बार तनाव और झड़प की घटनाएं हुईं।
प्रस्तावित एआई कैमरे
प्रशासन के अनुसार प्रस्तावित एआई कैमरों को इस प्रकार प्रशिक्षित किया जाएगा कि वे पहले से चिन्हित संदिग्ध छात्रों और बाहरी व्यक्तियों की तस्वीरों के आधार पर उनकी पहचान कर सकें। किसी संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश करते ही इसकी सूचना सुरक्षा कर्मियों तक पहुंच जाएगी। इसके अलावा सभी छात्रावास अधीक्षकों को नए शैक्षणिक सत्र से पहले अवैध रूप से रह रहे छात्रों की पहचान कर छात्रावास खाली कराने को कहा गया है।
