
- विश्वविद्यालय की दूसरी महिला कुलपति, डाॅ.मनुका खन्ना जी ने नव-प्रवेशित विद्यार्थियों से बी.टेक. की शिक्षा को समाज की नवरचना का साधन बनाने का उद्घोष किया।
लखनऊ, 15 सितम्बर 2025 , लखनऊ विश्वविद्यालय ( Lucknow University ) के अभियांत्रिकी संकाय (FoET) ने भव्य ‘अभिविन्यास ’25’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बैच 2025-26 के नवप्रवेशित छात्रों का अभिविन्यास किया गया और इंजीनियर दिवस का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11:30 बजे से विष्वकर्मा ऑडिटोरियम, FoET में संपन्न हुआ।
संकाय के डीन प्रो. ए. के. सिंह का उद्बोधन
संकाय के डीन प्रो. ए. के. सिंह ने नव-प्रवेशित विद्यार्थियों का अभिनंदन किया और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए यह संदेश दिया कि उन्हें मिले इस अवसर का सदुपयोग करते हुए एक योग्य अभियंता के रूप में परिपक्व होना है। इसी क्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को उनके समक्ष आने वाली किसी भी समस्या के त्वरित समाधान का आश्वासन भी दिया।
विशिष्ट अतिथि राजेंद्र कालरा जी का संबोधन
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राजेंद्र कालरा जी ने अभियंता दिवस (Engineer’s Day) के उपलक्ष्य में भावी अभियंताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्व को एक बेहतर स्थान बनाने में अभियंताओं के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि “विश्वविद्यालय शिक्षा का एक मंदिर है और इस दृष्टि से विद्यार्थियों द्वारा ग्रहण की जा रही शिक्षा भी एक प्रकार की पूजा है।”
मुख्य अतिथि नीरज बोरा जी का वक्तव्य
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, लखनऊ उत्तर के माननीय विधायक नीरज बोरा ने नव-प्रवेशित विद्यार्थियों को लखनऊ विश्वविद्यालय जैसे यशस्वी शिक्षण संस्थान का हिस्सा बनने पर बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे बी.टेक. की गहन शिक्षा को अपने लक्ष्य प्राप्ति का साधन बनाएं। अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति प्रोफेसर मनुका खन्ना ने उद्यमिता का महत्व बताया
विश्वविद्यालय की दूसरी महिला कुलपति, डाॅ.मनुका खन्ना जी ने नव-प्रवेशित विद्यार्थियों से बी.टेक. की शिक्षा को समाज की नवरचना का साधन बनाने का उद्घोष किया। उन्होंने कैंपस प्लेसमेंट को गर्व का विषय बताते हुए, उद्यमिता के महत्व पर भी बल दिया। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को पारंपरिक नौकरी पेशे से इतर उद्यमिता की दिशा में सोचने का सुझाव दिया। इसी क्रम में कुलपति महोदया ने विश्वविद्यालय को 98वीं NIRF रैंकिंग प्राप्त होने पर सभी को बधाई दी। ‘दीक्षारंभ’ में सम्मिलित होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्होंने नव-प्रवेशित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

औपचारिक सत्र के समापन के पश्चात एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके उपरांत, विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में, संयोजक डॉ. दीपक गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी सम्मानित अतिथियों, शिक्षकों, एवं विद्यार्थियों का उनकी गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संकाय सदस्य डॉ. खुशबू वर्मा, डॉ. रचना पाठक, Er निधि श्रीवास्तव, डॉ. ज़ीशान अली सिद्दीकी, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, डॉ. अनुपम त्रिपाठी, डॉ. सव्या साची एवं डॉ. रणविजय सिंह आदि की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। तत्पश्चात, राष्ट्रगान के साथ समारोह का सफल समापन हुआ।
trending video
