- ‘विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता
- मौद्रिक नीति पर विशेषज्ञ व्याख्यान हुआ आयोजित ।
- भाषण प्रतियोगिता में मलिका अग्रवाल प्रथम एवं अभिषेक मिश्रा ने प्राप्त किया द्वितीय स्थान ।
लखनऊ । अर्थशास्त्र विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा एलुमनाई वीक समारोह का आयोजन 23 नवम्बर को अर्थशास्त्र विभाग स्थित कौटिल्य सभागार में किया गया । इस अवसर पर प्रातः 11:30 बजे ‘विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन शोध एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के मध्य हुआ । प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण, सतत आर्थिक विकास, नवाचार, उद्यमिता तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के प्रति जागरूकता एवं रचनात्मक चिंतन को प्रोत्साहित करना था । जिसमें स्नतकोत्तर तृतीय सेमेस्टर की मलिका अग्रवाल प्रथम एवं अभिषेक मिश्रा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया ।
कार्यक्रम के अंतर्गत अपराह्न 1:00 बजे विभाग के पूर्व छात्र एवं सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. अरविन्द अवस्थी द्वारा ‘समष्टि अर्थशास्त्र के अंतर्दृष्टिपूर्ण पहलू एवं सिद्धांत और व्यवहार में मौद्रिक नीति का रुख’ (Macroeconomic Insights and Monetary Policy Stance in Theory and Practice) विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान हुआ ।

व्याख्यान में समकालीन समष्टि आर्थिक परिदृश्य तथा मौद्रिक नीति के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पक्षों पर अकादमिक विमर्श करते हुए सतत आर्थिक विकास की प्राप्ति में समष्टि आर्थिक स्थिरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि दर, मुद्रास्फीति, रोजगार, ब्याज दरों एवं निवेश जैसे प्रमुख समष्टि आर्थिक संकेतकों तथा भारतीय अर्थव्यवस्था पर उनके पारस्परिक प्रभावों की चर्चा की। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति के निर्माण एवं क्रियान्वयन में भूमिका को स्पष्ट करते हुए बताया कि किस प्रकार मौद्रिक नीति के माध्यम से मूल्य स्थिरता बनाए रखने के साथ-साथ आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाता है। मुद्रास्फीति पर नियंत्रण, तरलता प्रबंधन, वित्तीय स्थिरता तथा आर्थिक विकास के बीच संतुलन स्थापित करने की व्यावहारिक चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की। साक्ष्य-आधारित नीतिगत निर्णयों के महत्व पर बल देते हुए बताया कि नीतिगत ब्याज दरों में परिवर्तन किस प्रकार ऋण की लागत, उपभोग, निवेश एवं समग्र मांग को प्रभावित करता है। इस व्याख्यान ने समष्टि आर्थिक सिद्धांतों और व्यावहारिक नीतिगत पहलुओं के बीच संबंधों को समझने तथा भारतीय अर्थव्यवस्था की भावी संभावनाओं को आकार देने में मौद्रिक नीति की भूमिका के संबंध में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को महत्वपूर्ण अकादमिक अंतर्दृष्टि प्रदान की।

कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी के मार्गदर्शन तथा अर्थशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. रोली मिश्रा के नेतृत्व में किया गया । इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. रोली मिश्रा ने कहा कि इस एलुमनाई वीक समारोह ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को समसामयिक आर्थिक विषयों पर विचार-विमर्श करने तथा विभाग के प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों के अनुभवों एवं ज्ञान से लाभान्वित होने का अवसर प्रदान किया । इस प्रकार का आयोजन विश्वविद्यालय की अकादमिक परंपरा को समृद्ध करने के साथ-साथ विद्यार्थियों में राष्ट्रीय विकास के प्रति उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होगा। भाषण प्रतियोगिता में प्रो अशोक कुमार कैथल एवं डॉ शची राय ने निर्णायक की भूमिका का निर्वहन किया । भाषण प्रतियोगिता का परिणाम घोषित करते हुए प्रो अशोक कुमार कैथल ने कहा की इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं विभाग के पूर्व विद्यार्थियों के मध्य शैक्षणिक संवाद, ज्ञान का आदान-प्रदान तथा अकादमिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना था।

कार्यक्रम का सञ्चालन कार्यक्रम के समन्वयक एवं अर्थशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हरनाम सिंह ने किया । भाषण प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को आइक्यूएसी के निदेशक प्रो विनोद सिंह, वरिष्ठ प्रो मनोज कुमार अग्रवाल, प्रो. अरविन्द अवस्थी विभागाध्यक्ष प्रो. रोली मिश्रा ने पुरष्कृत किया । जिसमें प्रमुख रूप से कला संकायाध्यक्ष प्रो अरविंद मोहन, प्रो शशि लता सिंह, प्रो अल्पना लाल, डॉ कामना सेन, डॉ उर्वशी सिरोही, डॉ दिनेश यादव, डॉ सुचित्रा प्रसाद सहित विभाग के पूर्व छात्र, शोध विद्यार्थी एवं सनात्कोत्तर के विद्यार्थी उपस्थित रहें । यह जानकारी डॉ. हरनाम सिंह असिस्टेंट प्रोफेसर अर्थशास्त्र विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय ने दी है |

