

- कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर होगा जोर-सुरेश यादव
लखनऊ, 20 मार्च 2025,campussamachar.com, उप्र राजकीय निर्माण निगम फील्ड वर्कर्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। 10 मार्च 2025 को नामांकन प्रक्रिया के बाद 18 मार्च 2025 को चुनाव संपन्न हुआ और 19 मार्च 2025 को नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की गई। इस अवसर पर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए ज्ञापन भी सौंपा गया।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की घोषणा
एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी तेज प्रताप सिंह ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। सुरेश कुमार यादव लगातार 14 वीं बार अध्यक्ष और अमित वर्मा को महामंत्री चुना गया। राम सजीविन और क्यू० ए० रिजवी उपाध्यक्ष बनाए गए, जबकि राम समुझ और जय सिंह को संयुक्त मंत्री नियुक्त किया गया। अन्य प्रमुख पदों में रमेश चंद्र यादव को संगठन मंत्री, ज्ञान प्रकाश सिंह को प्रचार मंत्री, मो० हनीफ को कोषाध्यक्ष और मनोज कुमार सहाय को कार्यालय मंत्री बनाया गया। कार्यकारिणी में शहजाद उद्दीन, सुजीत कुमार शर्मा, राम दयाल और दिनेश कुमार को बतौर सदस्य शामिल किया गया।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें को लेकर चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई कार्यकारिणी ने निगम के कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की और ज्ञापन सौंपा। प्रमुख मांगों में शामिल हैं-
महंगाई भत्ता वृद्धि: कर्मचारियों के लिए 7% महंगाई भत्ते में तत्काल वृद्धि की जाए।
विनियमितीकरण: 7 दिसंबर 2010 को विनियमितीकरण से वंचित डाटा एंट्री ऑपरेटरों को शासनादेश के अनुरूप विनियमित किया जाए।
पदोन्नति: डिप्लोमा धारकों को लोक निर्माण विभाग की भांति 5% लाभ देते हुए अवर अभियंता के पद पर प्रोन्नत किया जाए।
रिक्त पदों पर भर्ती: निगम में सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की गई ताकि कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार न पड़े।
प्रतिनियुक्त अधिकारियों की वापसी: प्रतिनियुक्ति पर आए अवर अभियंताओं को उनके मूल विभाग में वापस भेजा जाए और उनकी जगह डिप्लोमा धारकों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से रखा जाए।
जनसंख्या नियंत्रण के तहत पद बढ़ाने की मांग: समूह-घ के कर्मचारियों को 5 वर्ष की सेवा के बाद 15% प्रोन्नति का लाभ दिया जाए।
नई कार्यकारिणी की प्राथमिकताएं
महामंत्री अमित वर्मा ने कहा कि एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करना और उनके हितों को प्राथमिकता देना होगा। अध्यक्ष सुरेश कुमार यादव ने आश्वासन दिया कि सभी लंबित मांगों को लेकर उच्च स्तर पर वार्ता की जाएगी और जल्द से जल्द समाधान निकाला जाएगा। कार्यक्रम में राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों समेत कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।
