लखनऊ. विद्यांत एजुकेशनल ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित तीनों शिक्षण संस्थानों में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान और उनके बलिदान को याद किया गया।
राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण विद्यांत हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रभारी प्रो. राजीव शुक्ला ने किया। इस अवसर पर विद्यांत हिंदू हाई स्कूल के प्रधानाचार्य पवन सिंह तथा प्राथमिक अनुभाग की प्रधानाचार्या सरिता भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा निदेशालय का संदेश प्रो. ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने पढ़कर सुनाया, जबकि माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक के संदेश का वाचन विभा बाजपेयी ने किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. श्रवण कुमार गुप्ता ने किया।

अपने संबोधन में प्रो. राजीव शुक्ला ने कहा कि हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान और उनके संघर्ष को हमेशा याद रखना चाहिए तथा उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। पवन सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके त्याग और योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
समारोह में तीनों संस्थानों के बड़ी संख्या में शिक्षक, कार्यालय कर्मचारी और विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष और उससे जुड़े मूल्यों को याद करते हुए उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
यह भी पढ़ें
