बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर ( guru ghasidas vishwavidyalaya ) में 27 नवंबर 2026 को आराधना त्रिपाठी की पुस्तक ‘दर्द की दहलीज़, उम्मीदों का आँगन — एक कैंसर सर्वाइवर की यात्रा’ का गरिमामय विमोचन संपन्न हुआ।
पुस्तक का विमोचन सौराष्ट्र विश्वविद्यालय, गुजरात की पूर्व कुलपति प्रोफेसर नीलांबरी दवे तथा ITSA हॉस्पिटल के कैंसर सर्जन डॉ. जयेश शर्मा के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग की प्रोफेसर प्रतिभा जे. मिश्रा एवं प्रोफेसर डॉ. सस्मिता पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

यह पुस्तक केवल एक कैंसर सर्वाइवर की व्यक्तिगत संघर्ष यात्रा नहीं है, बल्कि जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और उम्मीद की एक प्रेरक अभिव्यक्ति है। इसमें लेखिका ने अपने कैंसर के उपचार के दौरान महसूस किए गए अनुभवों, शारीरिक एवं मानसिक चुनौतियों, भावनात्मक उतार-चढ़ाव और जीवन की ओर लौटने के सफर को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया है। साथ ही, कैंसर काउंसलिंग के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ जुड़े अनुभवों तथा स्वयंसेवी संस्था के माध्यम से किए जा रहे सामाजिक कार्यों को भी पुस्तक में स्थान दिया गया है।
guru ghasidas vishwavidyalaya news : आराधना त्रिपाठी स्वयं एक कैंसर सर्वाइवर हैं और वर्तमान में अपोलो हॉस्पिटल में कैंसर काउंसलर के पद पर कार्यरत हैं। वे अपने अनुभवों के माध्यम से कैंसर मरीजों एवं उनके परिजनों को मानसिक और भावनात्मक संबल प्रदान करने का कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही वे ‘स्पंदन सोसाइटी’ नामक स्वयंसेवी संस्था की अध्यक्ष हैं, जो कैंसर के क्षेत्र में जागरूकता, परामर्श, सहयोग एवं कैंसर सर्वाइवर्स के कल्याण के लिए कार्यरत है।
campus news : सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए आराधना त्रिपाठी गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग से पीएचडी भी कर रही हैं। उनका शोध विषय कैंसर जागरूकता में स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका से संबंधित है।
bilapsur news : लेखिका का मानना है कि कैंसर जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक ऐसी चुनौती है, जिसका सामना जागरूकता, उचित उपचार, परिवार के सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ किया जा सकता है। इस पुस्तक के माध्यम से उनका उद्देश्य केवल कैंसर से जूझ रहे लोगों तक अपनी बात पहुँचाना नहीं, बल्कि जीवन में किसी भी प्रकार की कठिनाई, तनाव और निराशा का सामना कर रहे लोगों को भी आशा एवं सकारात्मकता का संदेश देना है।
campussamachar : यह पुस्तक व्यक्तिगत अनुभवों को सामाजिक संवेदना और जनजागरूकता से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। इसके माध्यम से लेखिका ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि दर्द की दहलीज़ पार करके भी उम्मीदों का एक सुंदर आँगन बनाया जा सकता है।
