देहरादून , 06 मई , गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर, टांडा रेंज, उत्तराखंड के डीएफिया के 20 छात्र-छात्राओं, जिन्होंने हाल ही में फ्रांस में अपनी अंतरराष्ट्रीय इंटर्नशिप पूर्ण की ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.के. कश्यप के समक्ष अपने अनुभवों और सीख को विस्तार से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, निदेशक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने फ्रांस में प्राप्त उन्नत कृषि तकनीकों, खाद्य प्रसंस्करण, अनुसंधान पद्धतियों एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय exposure से उन्हें आधुनिक कृषि प्रणालियों, नवाचारों और वैश्विक मानकों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।
कुलपति प्रो. एस.के. कश्यप ने छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम छात्रों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय कार्य निदेशक डॉ. शिवा प्रसाद ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को वैश्विक exposure मिल सके और वे नई तकनीकों व शोध पद्धतियों से लाभान्वित हो सकें। अधिष्ठाता एवं निदेशकों ने भी छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय पहचान को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
