- DRG सदस्यों की बैठक आयोजित
दुर्ग/ भिलाई 27 जून , राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) रायपुर, समग्र शिक्षा कार्यालय एवं अह्वान ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से दुर्ग जिले के 112 विद्यालयों में संचालित बालवाड़ी कार्यक्रम (प्रोजेक्ट बुनियाद) के अंतर्गत जिला संसाधन समूह (DRG) सदस्यों की एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र की अकादमिक रणनीति, शिक्षक सहयोग, कक्षा अवलोकन, शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) के प्रभावी उपयोग, शिक्षक प्रशिक्षण कैलेंडर, अभिभावक सहभागिता तथा DRG की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
यह कार्यक्रम दुर्ग जिले के जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा एवं जिला समन्वयक विनोद सिन्हा के सफल मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। बैठक का नेतृत्व एपीसी शशिभूषण शर्मा ने किया, जबकि अह्वान ट्रस्ट की ओर से शीतल मोटघरे एवं प्रदीप शर्मा ने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

बैठक में जिले के लगभग 30 जिला संसाधन समूह (DRG) सदस्य शामिल हुए, जो विद्यालयों में नियमित अकादमिक सहयोग एवं मेंटरिंग प्रदान कर रहे हैं। बैठक में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यालयों की तैयारी, बाल-अनुकूल वातावरण, शत-प्रतिशत नामांकन एवं उपस्थिति, स्थानीय शिक्षण सामग्री के उपयोग, कक्षा अवलोकन प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा वर्ष 2026-27 के शिक्षक व्यावसायिक विकास एवं प्रशिक्षण कैलेंडर पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में यह भी तय किया गया कि DRG सदस्य विद्यालयों में नियमित कक्षा अवलोकन, शिक्षकों को शैक्षणिक मार्गदर्शन, व्हाट्सएप आधारित पियर लर्निंग समूहों का संचालन, ज़ूम मास्टरक्लास में सहभागिता तथा नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे, जिससे बालवाड़ी कार्यक्रम की गुणवत्ता और अधिक सुदृढ़ हो सके।
Trending Video
