दुर्ग/भिलाई-, 27 जून . शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुरूद, भिलाई में नवीन प्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत हेतु शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा प्रथम एवं कक्षा षष्ठी में प्रवेश लेने वाले नव प्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, गुलाल एवं पुष्पों से आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं कॉपियाँ प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के सदस्यगण, वार्ड पार्षद श्रीमती अनिता साहू, अजय साहू, अर्जुन साहू, श्रीमती रोशनी राजपूत, श्रीमती प्रमिला यादव, श्रीमती नीरा नेताम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं शिक्षा-जगत के सम्माननीय व्यक्तित्व प्रकाश चंद्र चन्द्राकर सर की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वार्ड पार्षद, श्री चन्द्राकर सर, संस्था प्रधान श्रीमती टिक्की तथा अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, संस्कार एवं उत्कृष्ट नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने शिक्षा को जीवन की सफलता की आधारशिला बताते हुए बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा शिक्षा के प्रति उत्साह और संकल्प का परिचय दिया। विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय कुरूद के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
