प्रयागराज /लखनऊ , 08 अप्रेल , उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक प्रोफेसर बीएल शर्मा आज 08 अप्रेल को ओंचक निरीक्षण के लिए प्रदेश की राजधानीके एक राजकीय डिग्री कॉलेज लतीफ नगर, सरोजिनी नगर लखनऊ (GDC LATIF NAGAR Lucknow ) पहुंचे. इस महाविद्यालय में जब उच्च शिक्षा निदेशक सुबह 10:25 बजे पहुंचे तो वहां एक शिक्षिका और तीन संविदा कर्मी मिले .
निरीक्षण के समय ही प्राचार्य और एक अन्य शिक्षक भी आ गए. महत्वपूर्ण बात यह है कि उपस्थिति रजिस्टर प्राचार्य कक्ष में नहीं बल्कि जिस लिपिक के पास रखा जाता है वह खुद गैर हाजिर थी. महाविद्यालय की हालत को देखकर उच्च शिक्षा निदेशक ने यह सहज ही अंदाजा लगा लिया कि महाविद्यालय (GDC LATIF NAGAR Lucknow ) की पढ़ाई लिखाई का स्तर किस तरह का है और खासकर जब निरीक्षण के समय उन्हें एक भी विद्यार्थी नहीं मिला हो ?
जबकि शिक्षकों की उपस्थिति का हाल वह स्वयं देख ही चुके थे , निरीक्षण के बाद उच्च शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के संयुक्त निदेशक डॉक्टर शशि कपूर की ओर से महाविद्यालय प्राचार्य, शिक्षकों और कर्मचारियों को एक सामूहिक रूप से कारण बताओ नोटिस भेज कर उनसे दो दिन के भीतर जवाब मांगा है , क्यों न खिलाफ कार्यवाही की जाए ?
प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक राजकीय महाविद्यालय (GDC LATIF NAGAR Lucknow ) का हाल तब है, जब राज्यपाल लगातार उच्च शिक्षा की गुणवत्ता संवर्धन के लिए प्रयास कर रही हैं. वे नियमित रूप से सभी विश्वविद्यालयों और उनसे जुड़े महाविद्यालयों की नियमित बैठक कर गुणवत्ता सुधारने, नैक मूल्यांकन सहित महत्वपूर्ण सुझाव व निर्देश देती है. हाल ही में उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय और सम्बद्ध महाविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट के सिलसिले में बैठक कर महत्वपूर्ण सुझाव और निर्देश दिए थे . ऐसे में राजकीय डिग्री कॉलेज लतीफ नगर सरोजिनी नगर की यह तस्वीर प्रदेश की उच्च शिक्षा के लिए अच्छा संकेत नहीं हैं
पढ़िए पूरा पत्र /नोटिस
समस्त सम्बन्धित अनुपस्थित असि०प्रो० / एसो०प्रो०/ प्रो०/कार्यवाहक प्राचार्य एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण
राजकीय महाविद्यालय, लतीफनगर, सरोजनीनगर, लखनऊ।
आज दिनांक 08.04.2026 को पूर्वाहन 10:25 बजे शिक्षा निदेशक, उच्च शिक्षा महोदय द्वारा महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के समय महाविद्यालय में डॉ० ममता मधुर, असि०प्रो० वाणिज्य व 03 आउटसोर्सिंग कर्मचारी उपस्थित थे
तथा अन्य कोई शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कार्मिक उपस्थित नहीं थे।
शि०नि० महोदय के निरीक्षण के क्रम में ही पूर्वाह्न 10:50 बजे महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ० सुधा एवं डॉ० अमित कुमार यादव, विषय-रसायन विज्ञान उपस्थित हुए।
शेष अन्य शिक्षक क्रमशः डॉ० प्रमोद कुमार सिंह, विषय-दर्शनशास्त्र, डॉ० पवन कुमार मौर्या, विषय-वाणिज्य, डॉ० राघवेन्द्र प्रताप नारायण, विषय-वनस्पति विज्ञान, डॉ० केशरी नन्दन मिश्रा, विषय-इतिहास, डॉ० राजेश यादव, विषय-जन्तु विज्ञान, डॉ० इरा फात्मा, विषय-मनोविज्ञान, डॉ० सविता, विषय अर्थशास्त्र, डॉ० वन्दना, विषय-संस्कृत, डॉ० शिल्पी सिंह, विषय-गणित एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण क्रमशः श्रीमती वन्दना सिंह, प्रधान सहायक एवं श्रीमती नन्दिनी, वरिष्ठ सहायक पूर्वाहन 10:50 बजे तक भी उपस्थित नहीं थे।
शि०नि० महोदय के निरीक्षण के समय उपस्थिति पंजिका भी प्राचार्य कक्ष में नहीं थी
अपितु निरीक्षण के दौरान कार्यवाहक प्राचार्य द्वारा अवगत कराया गया कि उपस्थिति पंजिका लिपिक के पास है।
सम्बन्धित लिपिक भी निरीक्षण के समय अनुपस्थित थीं।
प्राचार्य को निर्देशित किया गया कि उपस्थिति पंजिका अपने कार्यालय कक्ष में रखें।
भविष्य में निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
उक्त के अतिरिक्त महाविद्यालय में कोई भी छात्र एवं छात्रा भी उपस्थित नहीं थे जबकि महाविद्यालय में उपस्थित होने का निर्धारित समय पूर्वाहन 10:00 बजे है।
अतएव महाविद्यालय में निर्धारित समय पर उपस्थित न होने के सम्बन्ध में क्यों न आप सभी अनुपस्थित प्राध्यापक/कर्मचारी का एक दिन का वेतन अवरूद्ध करते हुए अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित कर दी जाय
तथा अनुपस्थिति के सम्बन्ध में समस्त सम्बन्धित प्राध्यापक / कार्मिक अपना स्पष्टीकरण प्राचार्य के माध्यम से दो कार्यदिवस में इस कार्यालय की ई-मेल infodheup21@gmail.com पर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें।
उक्त के अतिरिक्त यह भी निर्देशित किया जाता है कि राजकीय/अशासकीय इण्टर कॉलेजों में समस्त शिक्षकों को संलग्न करते हुए प्रचार-प्रसार कर छात्र-छात्राओं की प्रवेशित संख्या बढ़ायें तथा इस सम्बन्ध में किये गये प्रयासों से अधोहस्ताक्षरी को भी अवगत करायें। वाचनालय, पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास को संचालित कराया जाना सुनिश्चित करें।
डॉ० (शशि कपूर)
संयुक्त निदेशक (उ०शि०).
कृते शिक्षा निदेशक (उच्च शिक्षा),
उ०प्र०, प्रयागराज।
पृष्ठांकन संख्या-डिग्री सेवा/ 79 / उसी तिथि को।
उपर्युक्त की प्रतिलिपि प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय, लतीफनगर, निर्देश के साथ प्रेषित कि उक्त सम्बन्धित कार्मिकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करते सरोजनीनगर, लखनऊ को इस हुए निर्धारित समयावधि तक इस कार्यालय को उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें।
डॉ० (शशि कपूर)
संयुक्त निदेशक (उ०शि०),
कृते शिक्षा निदेशक (उच्च शिक्षा),
उ०प्र०, प्रयागराज।
