कोरबा. राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त विजेताओं को प्रोत्साहन नियम के तहत नगद राशि पुरस्कार अलंकरण प्रदान किया जाता है। वर्ष 2019-20 एवं 2020-21 में जिन खिलाडिय़ों ने सब जूनियर,जूनियर एवं सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किये हों वे अपने खेल संघों से या जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय से कार्यालयीन अवधि में आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर निर्धारित तिथि सात अगस्त तक जिला खेल एवं युवा कल्याण कोरबा में जमा कर सकते हैं। इसी प्रकार खेलवृत्ति (डाईटमनी) के लिये जिन खिलाडिय़ों ने विगत वर्ष अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व किया हो खेलवृत्ति (डाईटमनी) हेतु आवेदन कर सकेंगें।

खेलवृत्ति (डाईटमनी) हेतु आयु 19 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिये। खेल संघों से प्रोत्साहन के लिये उनके द्वारा वर्ष 2019 एवं 2020 में अर्जित की गई उपलब्धि के लिये प्रेरणा निधि के आवेदन जिला कार्यालय या संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण में निर्धारित तिथि तक जमा कर सकेंगें। जिला कार्यालय या संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण में राज्य खेल संघों से अनुशंसा सहित आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 07 अगस्त 2021 तक कार्यालयीन अवधि में निर्धारित है। खिलाड़ी को पृथक वर्षों के लिये पृथक पृथक आवेदन निर्धारित प्रारुप में जमा करना होगा।
नोट : आवेदन प्रपत्र एवं अन्य जानकारी www.sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध हैं।
