संभागीय आयुक्त बिलासपुर को मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
बिलासपुर . .भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा राज्य के लाखों पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का एरियर सहित भुगतान किए जाने की मांग को लेकर प्रांतीय आव्हान पर प्रदेशव्यापी आंदोलन का दूसरा चरण 19 अगस्त 2026, बुधवार को बिलासपुर मुख्यालय में भी आयोजित किया जाएगा।
महासंघ के जिला बिलासपुर के अध्यक्ष राकेश जैन ने आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि पेंशनरों की इस न्यायोचित मांग को लेकर महासंघ द्वारा लगातार राज्य शासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। महासंघ का कहना है कि जनवरी 2026 से केंद्र सरकार के समान देय दो प्रतिशत महँगाई राहत(डी . आर.)का लाभ राज्य के पेंशनरों को भी तत्काल एरियर सहित दिया जाना चाहिए।
उन्होंने ने बताया कि आंदोलन के प्रथम चरण में 5 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में जिला इकाइयों द्वारा कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रस्तुत किया जा चुका है। इसके बाद दूसरे चरण में 19 अगस्त को प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन और नारेबाजी कर पेंशनरों की मांग को शासन तक पहुँचाई जाएगी ।

इस अवसर पर महासंघ के संभागीय अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप के नेतृत्व में नारेबाजी कर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के साथ संभागीय आयुक्त बिलासपुर को मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौपा जाएगा ।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार महासंघ के बैनर पर पेंशनर्स 19 अगस्त को संभागीय मुख्यालयों में निर्धारित स्थान पर एकत्र होकर शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन तथा नारेबाजी करेंगे । इसके बाद दोपहर 12 बजे संभागीय प्रतिनिधि मंडलों द्वारा संभागीय आयुक्तों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।पेंशनरों ने अपने सम्पूर्ण सेवाकाल में राज्य और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें मिलने वाली महँगाई राहत (डी . आर.)कोई अनुग्रह नहीं, बल्कि उनके अधिकारों से जुड़ा विषय है। लंबे समय से लंबित इस मांग पर अब राज्य शासन को सकारात्मक निर्णय लेते हुए जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत डी.आर. का एरियर सहित भुगतान आदेश शीघ्र जारी करना चाहिए।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ ने प्रांतीय, जिला पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों तथा पेंशनर साथियों से 19 अगस्त के कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें
