पटना, 30 मार्च, बिहार बोर्ड कक्षा 10वीं के नतीजे ( Bihar Board 10th Result 2026 ) जारी हो चुके हैं। लगभग 15 लाख विद्यार्थियों को अपनी सालभर की मेहनत का फल सामने है। मैट्रिक वार्षिक परीक्षा का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.79% है। खास बात ये है कि इस वर्ष छात्रों का परिणाम छात्राओं की तुलना में अच्छा है। छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत छात्राओं से करीब 2 फीसदी अधिक है।
2,35,743 विद्यार्थियों ने पास की परीक्षा
2026 की मैट्रिक वार्षिक परीक्षा में 15,10,928 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें 7,26,057 छात्र और 7,84,871 छात्राएं थीं। कुल 12,35,743 विद्यार्थियों ने मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें कुल उत्तीर्ण छात्रों की संख्या 6,01,390 और कुल उत्तीर्ण छात्राओं की संख्या 6,34,353 है।
परिणाम के आंकड़ों से स्पष्ट है कि भले ही उत्तीर्ण छात्राओं की संख्या छात्रों की संख्या से अधिक हो, लेकिन जब इसे प्रतिशत में बदला जाता है तो यह कम हो जाता है। गणना के अनुसार, छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.83% है और छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.82% है। स्पष्ट है कि छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत छात्राओं से अधिक है।
छात्र पास- 82.82% (6,01,390)
छात्राएं पास- 80.82% (6,34,353)
कुल पास- 81.79% (12,35,743)
टॉप-10 में भी छात्रों की संख्या अधिक
बिहार बोर्ड की ओर से जारी टॉपर लिस्ट में कुल 139 विद्यार्थियों के नाम शामिल हैं। इसमें 57 छात्राएं और 82 छात्र हैं। हालांकि, टॉप-2 में तीन विद्यार्थी हैं और तीनों छात्राएं हैं। रैंक-3 पर पहले छात्र का नाम है। अगर टॉप-5 की बात करें तो इसमें कुल 13 विद्यार्थियों के नाम शामिल हैं, जिसमें 6 छात्र और 7 छात्राएं हैं। इस वर्ष पुष्पांजलि और सबरीन परवीन ने 492 (98.4%) अंकों के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया है।
उत्तीर्ण प्रतिशत में 0.32% की गिरावट
2026 में मैट्रिक वार्षिक परीक्षा प्रदेश में स्थित कुल 1,699 परीक्षा केंद्रों पर 17 से 25 फरवरी 2026 तक हुई थी । परिणाम 29 मार्च को घोषित किया गया है। इस बार कुल 81.79% बच्चों ने परीक्षा पास की है। 2025 में उत्तीर्ण प्रतिशत 82.11% रहा था . इस प्रकार कुल उत्तीर्ण प्रतिशत में 0.32% की गिरावट आयी है।
